मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक बंद मकान से 30 वर्षीय राहुल शर्मा का शव बरामद हुआ। युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शव लगभग तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मकान के बाहर कुत्तों का जमावड़ा लगा हुआ था। शनिवार को घर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया तो अंदर राहुल शर्मा का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय सभासद विकल्प जैन ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले राहुल और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी, जिसके बाद राहुल घर में अकेला रह रहा था। सभासद के अनुसार, पत्नी के जाने के बाद राहुल तनाव और अवसाद में था।
सभासद ने यह भी बताया कि राहुल के हाथ की नस भी कटी हुई मिली है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि युवक ने पहले नस काटने का प्रयास किया और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, राहुल शर्मा के पिता सुशील शर्मा, जो एक बैंककर्मी थे, का हाल ही में निधन हुआ था। पिता की मौत के बाद राहुल अपने पैतृक मकान में अकेला रह रहा था। वह ठाकुर जी की ड्रेस (वस्त्र) बनाने का काम करता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से प्राप्त सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।