फतेहपुर: अभी उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पति को मारकर बाथरूम में गाड़ देने का मामला चर्चा में था कि इसी बीच फतेहपुर जिले में भी पत्नी की हैवानियत का एक और मामला सामने आया है. फतेहपुर में एक महिला ने शराब के नशे में धुत अपने पति को आग के हवाले कर दिया और जलने से पति की मौत हो गई. महिला ने पुलिस से झूठ बोला कि उस दौरान वह बैंक गई थी और बीड़ी जलाने के दौरान घर में आग लगी. लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
बता दें कि यह पूरी घटना 26 जून की है, जिसका खुलासा अब जाकर हुआ है. पहले तो पत्नी ने अपने पति को आग लगाकर मार डाला और जब पुलिस पूछताछ के लिए आई तो महिला ने बताया कि वह बैंक गई थी. पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि पति शराब के नशे में था और बीड़ी जलाने के दौरान आग की चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
शराब के नशे में पति करता था लड़ाई
पुलिस को महिला की बात पर शक हुआ और फिर सख्ती से पूछताछ शुरू की गई, तब जाकर महिला ने अपना जुर्म कबूल किया. पत्नी ने बताया कि पति शराब के नशे में उससे लड़ाई-झगड़ा करता था. बार-बार की लड़ाई से तंग आकर महिला ने पहले नशे में धुत पति पर किरोसीन तेल डाला और फिर आग लगा दी. पति झटपटाता रहा, लेकिन महिला को जरा सी भी दया नहीं आई.
मोहल्लेवालों के सामने झूठा नाटक
इसके बाद महिला ने मोहल्लेवालों को कहा कि उसके घर में आग लग गई है. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो महिला ने दरवाजा खोला. दरवाजा खोलते ही सामने का मंजर भयावह था. महिला का पति जल चुका था, लेकिन उसकी सांसे चल रही थी. पति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था. एसपी ने बताया कि मृतक अवधेश उर्फ पवन की पत्नी प्रीति उर्फ विनीता ने ही अपने पति को मौत के घाट उतारा है और उसने हत्या की बात कबूल कर ली है. अब पुलिस महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है.