हिमाचल में अब स्क्रीन पर होगा सरकारी स्कूलों का निरीक्षण, अधिकारियों को मिलेगा रियल टाइम फीडबैक

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों की निगरानी अब तकनीक के जरिए और अधिक प्रभावी होने जा रही है. प्रदेश के सरकारी स्कूलों की अब शिक्षा विभाग के आलाधिकारी वर्चुअल तरीके से स्कूलों का निरीक्षण कर सकेंगे. इस संबंध में हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिमला से वर्चुअल संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की.

पोर्टमोर, शिमला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के दौरान शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और चंबा के मेहला विद्यालय के प्रधानाचार्य से वर्चुअल माध्यम से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की उपलब्धता, रिक्त पदों की स्थिति, विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणाम और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली. प्रधानाचार्य ने वर्चुअल माध्यम से विद्यालय की कक्षाओं का भी अवलोकन कराया.

जम्मू कश्मीर से प्रेरित होकर किया ये काम
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त शिक्षकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके. शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि हाल ही में जम्मू कश्मीर के दौरे के दौरान उन्होंने वहां शिक्षा विभाग में वर्चुअल निरीक्षण की प्रभावी व्यवस्था देखी थी. उसी से प्रेरित होकर हिमाचल प्रदेश में भी सरकारी विद्यालयों के लिए वर्चुअल संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया है.