पलवल। शहर थाना अंतर्गत सेक्टर-12 में नामी कंपनी जेके नाम से नकली व्हाइट सीमेंट और वाल पुट्टी बनाकर बेचने वाली एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। हथीन गेट चौकी पुलिस ने कंपनी की टीम के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में नकली माल, खाली बैग, सिलाई और पैकिंग मशीनें बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर कापीराइट एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में लांसर्स नेटवर्क लिमिटेड कंपनी की अधिकृत इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के सीनियर इन्वेस्टिगेटर दिनेश पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि पलवल के सेक्टर-12 एरिया में जेके कंपनी का नकली लोगो और मार्क इस्तेमाल कर नकली व्हाइट सीमेंट और वाल पुट्टी तैयार कर बाजार में बेची जा रही है।
नामी ब्रांड के नाम पर चल रहा था काला खेल
इस सूचना पर सीनियर इन्वेस्टिगेटर दिनेश पाल, अपनी टीम के सदस्यों और हथीन गेट चौकी प्रभारी एसआई शेर सिंह व एएसआई नासिर खान की पुलिस टीम के साथ सेक्टर-12 में जिमखाना क्लब के पीछे स्थित बजरांग लाइम केमिकल कंपनी नामक फैक्ट्री पर पहुंचे। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान लालवा के रहने वाले कपिल मुद्गल के रूप में बताई। उसने खुद को फैक्ट्री का मालिक बताया।
पुलिस और कंपनी की टीम ने जब फैक्ट्री के अंदर सघन तलाशी ली, तो वहां जेके व्हाइट सीमेंट और पुट्टी के नाम से अवैध रूप से छापा गया भारी स्टाक बरामद हुआ। टीम ने जेके व्हाइट सीमेंट व पुट्टी के नकली प्लास्टिक के एक हजार के करीब बैग किए। साथ ही 43 बैग व्हाइट सीमेंट और वाल पुट्टी के भरे हुए मिले। इसके अलावा मौके से तीन बिल बुक, एक लोहे की बोरा सिलाई मशीन और एक प्लास्टिक बैग पैकिंग मशीन बरामद हुई।
जब फैक्ट्री मालिक कपिल मुद्गल से इस ब्रांडेड माल को तैयार करने और कंपनी का लोगो इस्तेमाल करने से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर भरे हुए बैगों में से सैंपल लेकर सील कर दिया और बाकी माल को अपने कब्जे में ले लिया।
कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज
हथीन गेट चौकी प्रभारी एसआई शेर सिंह के अनुसार दिनेश पाल की शिकायत और मौके से बरामद नकली माल के आधार पर कपिल मुद्गल के विरुद्ध धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह नकली माल कहां-कहां सप्लाई किया जा रहा था।