हरियाणा के झज्जर में सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास मिली दो लोगों की लाश, पास पड़ा था नीला ड्रम

झज्जर. हरियाणा के झज्जर के गुरुग्राम रोड़ पर सोमवार सुबह के समय सनसनी फैल गई. यहां पर सहवाग इंटरनेशन स्कूल के पास सड़क किनारे दो लोगों के शव पड़े मिले. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई. मर्डर की आशंका जताई जा रही है.

सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास मिली दो लोगों की लाश, पास पड़ा था नीला ड्रम
झज्जर में सहवाग इंटरनेशन स्कूल के पास सड़क किनारे दो लोगों के शव पड़े मिले.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस को शवों के पास एक नीला ड्रम और पानी की प्लास्टिक की पाइप भी मिली है, जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया है. फिलहाल दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भेज दिया है.

प्रारंभिक तौर पर पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले सामान, आसपास के साक्ष्यों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई.
झज्जर के सदर थाना प्रभारी ने बताया कि हमें सुबह सोमवार को सूचना मिली थी कि सहवाग स्कूल के पास दो डेड बॉडी पड़ी है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में यह किसी प्रकार से कोई सड़क दुर्घटना नहीं लग रही है. हत्या किए जाने की आशंका है. डेड बॉडी के सिर पर चोट के निशान है. मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया. पहचान के लिए आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है. जल्द ही शवों की पहचान हो जाएगी और आरोपियों की पहचान हो जाएगी.