बिहार में सनसनीखेज वारदात; सऊदी से लौटे पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या की

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है.

एक महीने पहले मायके आई महिला: सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मामले की जांच की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, महिला का पति विदेश में नौकरी करता था. रिंकू देवी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके नवादा गांव में रह रही थी.

मुजफ्फरपुर में महिला की हत्या
पति पर परिजनों ने लगया आरोप: परिजनों का महिला के पति मनोज भगत पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि पति विदेश से लौटने के बाद शुक्रवार शाम अपने ससुराल पहुंचा. रात में खाना खाने के बाद जब सभी लोग सो गए, तब उसने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी और पीछे के रास्ते से फरार हो गया.

ससुराल पक्ष को नहीं पसंद थी बहू: महिला की बहन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था. उनके अनुसार, ससुराल पक्ष को रिंकू देवी पसंद नहीं थी और इस बात को लेकर कई बार विवाद एवं पंचायत भी हो चुकी थी.

“मेरी बहन पिछले एक महीने से मायके में ही रह रही थी. उसका पति विदेश में काम करता है, वो अपने घर आया हुआ था, तो बहन से मिलने मायके भी भी आया था. आरोपी अपने साथ बैग में चाकू लेकर आया था और उसी से उसने वारदात को अंजाम दिया.”-मृतका की बहन

भूखा रखने और मारपीट का आरोप: वहीं, मृतका की दूसरी बहन ममता देवी ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें फोन पर मिली. उन्होंने भी कहा कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार खाना भी नहीं दिया जाता था.

दूसरी शादी की साजिश: महिला की मां ने दावा किया कि ससुराल पक्ष अपने बेटे की दूसरी शादी करना चाहता था. इस संबंध में उन्होंने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी. उनके अनुसार, उस समय पुलिस ने पति के विदेश से लौटने के बाद दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने की बात कही थी.

“ससुराल में बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उसे बेरहमी से पीटा जाता था और कई बार खाना भी नहीं दिया जाता था. ससुराल के लोग अपने बेटे की दूसरी शादी करवाना चाहते थे, इसलिए मेरी बेटी की हत्या कर दी.”-मृतका की मां

क्या कहती है पुलिस?: डीएसपी अभिजीत कौर ने बताया कि नवादा गांव में महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. एफएसएल सहित अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है. हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की भी तलाश की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

“फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. महिला के पति के लिए छापेमारी की जा रही है.”- अभिजीत कौर, डीएसपी