इंदौर। मध्य प्रदेश के धार जिले में प्रेम विवाह का एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुरा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर में रखी बिस्तर पेटी में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपित पति कमलेश खराड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, मृतका हिना मुस्लिम समुदाय से थी। करीब 10 वर्ष पहले उसने कमलेश खराड़ी से प्रेम विवाह किया था। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
रात में हुआ विवाद, सुबह कर दी हत्या
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सोमवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। मंगलवार सुबह करीब सात बजे कमलेश ने हिना की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को घर की बिस्तर पेटी में छिपा दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
पुलिस को विरोधाभासी जवाबों से हुआ शक
दोपहर करीब एक बजे राजगढ़ पुलिस किसी सूचना के आधार पर आरोपित के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान कमलेश के जवाब संदिग्ध और विरोधाभासी लगे, जिसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बिस्तर पेटी से हिना का शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपित से पूछताछ जारी है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सके।