मुज़फ्फ़रनगर में नई मंडी पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत 76,800 प्रतिबंधित नशीले NRX कैप्सूल के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद कैप्सूल की बाजार कीमत 20 से 25 लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने मंगलवार दोपहर 2 बजे पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को कूकड़ा ग्राउंड में नशीले कैप्सूल की खेप के बंटवारे की तैयारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस और एसओजी ने मौके पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से चार कार्टन में रखे 76,800 नशीले कैप्सूल बरामद किए। ये कैप्सूल स्पासमोर और स्पासमेड कंपनी के बताए जा रहे हैं, जिनमें ट्रामाडोल जैसे प्रतिबंधित तत्व होते हैं। इसके अतिरिक्त, पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि फरार आरोपी सुमित इन प्रतिबंधित दवाओं को उपलब्ध कराता था। इसके बाद इन्हें ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। आरोपियों ने बताया कि ये दवाएं केवल पंजीकृत डॉक्टर की सलाह पर ही दी जा सकती हैं, लेकिन गिरोह इन्हें अवैध तरीके से खरीदकर नशे के कारोबार में इस्तेमाल कर रहा था।
एसपी सिटी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जावेद, नौशाद, मोहम्मद आजाद, नवीन कुमार, मोहम्मद कासिफ और सचिन गुप्ता शामिल हैं। मुख्य सप्लायर सुमित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है।
एसपी सिटी ने बताया कि यह कार्रवाई केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस अब इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, दवाओं की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य राज्यों से जुड़े कनेक्शन की भी गहन जांच कर रही है।
सपी सिटी अमृत जैन ने इस गुड वर्क के लिए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव और प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र को बधाई दी।