मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के डूंगर से बुढ़ाना के टांडा माजरा में शिवम की बरात आई थी। यहीं पर फेरों के समय हंगामा हो गया। आरोप है कि शिवम ने दुल्हन के पिता के साथ भी अभद्रता की। दुल्हन ने यह सब देखकर शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
मंडप में शादी की रस्मों के बीच दूल्हा लड़खड़ाने लगा। अपने कपड़े भी उतारकर फेंक दिए। दुल्हन का पिता मामला जानने पहुंचा तो उसके साथ असभ्य व्यवहार किया गया। नाराज दुल्हन ने रस्में बीच में छोड़ दीं और शादी से इन्कार कर दिया। उधर, दूल्हे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा के पूर्व विधायक उमेश मलिक ने भी दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ली है।
फुगाना क्षेत्र के गांव डूंगर निवासी शिवम की बरात बुढ़ाना के गांव टांडा माजरा में आई थी। वर और वधू पक्ष के बीच शादी की रस्में पूरी की जा रहीं थीं लेकिन मंडप में दूल्हे के पहुंचते ही मामला बिगड़ गया। रस्मों के दौरान दूल्हा कई बार लड़खड़ा कर गिरा, जिसके बाद उसे बरातियों ने चारपाई पर लिटा दिया। वधू पक्ष का आरोप है कि इस दौरान दूल्हे ने अपने कपड़े भी उतारकर फेंकने शुरू कर दिए।
यह सब देखकर दुल्हन ने नाराजगी जताई और शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन का कहना था कि दूल्हे ने उसके पिता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। दुल्हन को रिश्तेदारों और परिजनों ने समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। उसका कहना था कि वह अपने पिता का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकती। जिसने उसके पिता का अपमान किया, वह उसका ख्याल कभी नहीं रख सकता।
दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा लेकिन दुल्हन नहीं मानी। काफी देर तक चले हंगामे के बीच रिश्ता टूट गया। बराती वापस लौट गए। दूल्हे को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बाद में उसे जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
बुलेट मांगी, धमकाया और फायर भी किया
दुल्हन के पिता सरदामल ने कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप है कि शिवम अत्यधिक नशे में था और उसने बुलेट बाइक की मांग की। उन्होंने अपनी बेटी की शादी में कर्ज लेकर सात लाख रुपये खर्च किए हैं और वह दहेज में बुलेट बाइक देने में असमर्थ हैं। आरोप लगाया है कि बुलेट बाइक की मांग पूरी न करने पर उसे बर्बाद करने की धमकी दी गई और जान से मारने की नीयत से उस पर फायर भी किया गया।
दूल्हा पक्ष बोला – शीतल पेय में धोखे से कराया नशा
दूल्हे के चाचा महरू ने कहा कि शिवम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों ने उनसे रंजिश निकालने के लिए दूल्हे को शीतल पेय में नशीला पदार्थ पिला दिया। इसी वजह से शिवम की तबीयत खराब हो गई। दुल्हन पक्ष को समझाने की कोशिश की गई लेकिन वे नहीं माने। अतिरिक्त दहेज और बुलेट मांगने के आरोप निराधार है। दोनों पक्षों में फैसले की बात चल रही है।
दोनों पक्षों में चल रही समझौते की बात : सीओ
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है। उन्हें अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।