‘साथ रहो या भाजपा में जाओ’: TMC के बागी नेताओं पर भड़कीं ममता बनर्जी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के बागी नेताओं पर हमला बोला है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि वे या तो तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के साथ रहें या फिर खुले तौर पर भाजपा में शामिल हो जाएं। ममता ने बागी नेताओं को बीच नदी में न रहने की चेतावनी दी है।

एक वीडियो संदेश में बनर्जी ने बागी विधायकों और सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ये नेता भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। उनके इस विश्वासघात ने भगवा दल के हौसले बढ़ा दिए हैं। इसी वजह से टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले तेज हुए हैं।

कोलकाता की सड़कों पर भारी बवाल
इससे पहले कोलकाता की सड़कों पर दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। बारूईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार और हत्या के विरोध में टीएमसी की युवा इकाई ने विरोध मार्च निकाला था। इस दौरान भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इस रैली को कलकत्ता उच्च न्यायालय से हरी झंडी मिली थी। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाजरा रोड पर मार्च को बार-बार रोकने की कोशिश की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और मानव शृंखला बनाकर रास्ता रोकने का प्रयास किया।

आर-पार की लड़ाई का मूड
ममता बनर्जी अब आर-पार के मूड में हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जो लोग खेल खेल रहे हैं, वे अपना मन बना लें। या तो तृणमूल कांग्रेस में रहकर हमारे साथ काम करें या सीधे भाजपा में चले जाएं। बीच में रहने पर दोनों किनारे हाथ से निकल जाएंगे। उन्होंने इन बागियों को भाजपा का सहयोगी बताया।

बिना किसी का नाम लिए ममता ने अपने नेतृत्व का विरोध करने वाले नेताओं को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बागी नेता जमीनी कार्यकर्ताओं को गुमराह करना बंद करें। अगर जाना है तो सीधे भाजपा में जाएं, टीएमसी में रहकर उनके लिए काम करने का नाटक न करें।