मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार शाम 6 बजे से शुरू होकर करीब 7:30 बजे तक बैठक चली।
पुलिस लाइन सभागार में ADG मेरठ जोन भानु भास्कर ने DIG अभिषेक सिंह, DM उमेश मिश्रा और SSP संजय कुमार वर्मा की मौजूदगी में सुरक्षा, यातायात और निगरानी व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, भीड़ प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन, पार्किंग, चिकित्सा सहायता, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और विभिन्न विभागों के समन्वय सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को विगत वर्षों की घटनाओं और दुर्घटनाओं का विश्लेषण कर इस बार किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के निर्देश दिए गए।
एडीजी भानु भास्कर ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। कांवड़ मार्ग का भौतिक सत्यापन, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि इस बार हरिद्वार से मुज़फ्फ़रनगर होते हुए मेरठ के पुरा महादेव तक पूरे कांवड़ मार्ग पर ढाई हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि पहली बार AI आधारित कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक थाना स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। वहीं एसपी सिटी और एसपी देहात के नेतृत्व में विशेष टीमें 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग करेंगी, ताकि किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।