मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र में एक दंपति ने पुलिस पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। दंपति का कहना है कि पड़ोसी द्वारा हमला किए जाने के बाद जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ककरौली निवासी आबिदा पत्नी शाहनवाज के अनुसार, विवाद उनके पड़ोसी शबा करीम पुत्र सैय्यद आया से शुरू हुआ था। आरोपी ने उनके चार वर्षीय बेटे के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद, 6 जुलाई को शाहनवाज और आबिदा ने ककरौली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, दंपती का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से आरोपी शबा करीम के हौसले बढ़ गए। इसके बाद शबा करीम ने शाहनवाज पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस घटना के बाद बुधवार को दंपतर एक बार फिर शिकायत लेकर ककरौली थाने पहुंचे। पीड़ितों का आरोप है कि इस बार भी उनकी बात सुनने के बजाय थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया।
मारपीट के बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित दंपति ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पड़ोसी आरोपी के साथ-साथ संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।