मुजफ्फरनगर। दिल्ली दहलाने की साजिश में पकड़े गए गांव अंती निवासी दानिश उर्फ चांद मियां और उसका दोस्त सलमान मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। दानिश साक्षर है, वहीं सलमान भी पांचवीं तक पढ़ा है। पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में दोनों किस तरह आए, यह भी रहस्य बना है।
शनिवार को दोनों दिल्ली से ठेकेदार से अपने काम के रुपये लेने की बात कहकर गए थे। उसके बाद स्वजन को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फोन कर बुलाया और शिनाख्त परेड कराई। स्वजन भी इनके आतंकी संगठनों के साथ काम करने पर दुखी हैं। ग्रामीण भी हैरान हैं। एलआईयू समेत पुलिस अधिकारियों ने दोनों की कुंडली खंगाली है।
सोमवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खतौली के गांव अंती निवासी दानिश उर्फ चांद मियां तथा उसके दोस्त सलमान को गिरफ्तार किया। दोनों पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी गिरोह के साथ मिलकर दिल्ली में विस्फोट की साजिश में शामिल थे। इनके कब्जे से पेट्रोल बम बरामद हुआ है।
दानिश को विस्फोट करना था, वहीं सलमान को उसका वीडियाे बनाना था। इस काम के लिए 20-20 हजार का वादा किया गया था। दोनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद एलआईयू समेत पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने दोनों युवकों की कुंडली खंगाली। इसमें इनके आवागमन से लेकर बैंक रिकार्ड को देखा जा रहा है।
दोनों के पाकिस्तान के आईएसआई, शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ाव को लेकर ग्रामीण सकते हैं। मंगलवार को गांव में भी तरह-तरह की चर्चा रही। ग्रामीणों ने कहा कि दाेनों युवकों की हरकत ने गांव के सम्मान को ठेस पहुंचा दी। उनके गांव में कभी इस तरह का कृत्य नहीं रहा है।
स्वजन ने बताया कि दोनों शनिवार को दिल्ली से ठेकेदार से अपने-अपने काम के रुपये लाने की बात कहकर गए थे। उसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फोन कर स्वजन को बुलाया था। जहां दोनों की स्वजन से मुलाकात कराई गई। शिनाख्त होने के बाद स्वजन को जाने दिया गया।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि खतौली के गांव अंती के दानिश व सलमान को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े होने की जानकारी मिली है। स्थानीय स्तर पर जांच कराई जा रही है।
दानिश श्रमिक, तो सलमान फर्नीचर कारीगर
दिल्ली में पकड़ा गया दानिश कोल्ड स्टोरेज निर्माण में मजदूरी करता था, वहीं सलमान दिल्ली में अपने भाई आसिफ के साथ फर्नीचर का कारीगर है। दोनों के स्वजन मजदूरी करते हैं। दानिश की मां गुलिस्ता और सलमान की बहन आयशा ने बताया कि शनिवार को दोनों घर से दिल्ली में ठेकेदार से रुपये लाने की बात कहकर गए थे।
गिरफ्तार होने के बाद उन्हें दोनों के आतंकी संगठनों से जुड़े होने की जानकारी मिली। बताया कि इससे पहले दानिश ईद पर घर आया था। सलमान के पिता इंतजार किसानों के खेतों मेें कीटनाशक दवाइयों का स्प्रे करते थे, जिनकी पांच माह पहले मौत हो चुकी है।
दानिश चार भाइयों मुद्दसीर, अनस व शुभान में सबसे बड़ा है। सलमान सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर का है। उसका भाई आसिफ दिल्ली में फर्नीचर का कार्य करता है तथा अदनान घर में ही रहता है। दो भाई अनस व बिलाल पढ़ते हैं। उसकी दो बहनें आयशा व दरकशा हैं।