बीकानेर. राजस्थान के शिक्षा विभाग से बड़ी प्रशासनिक हलचल की खबर सामने आई है. विभाग ने एक साथ 5 हजार से ज्यादा तबादले किए हैं. इस आदेश में सेकेंड ग्रेड शिक्षकों के साथ लाइब्रेरियन, कम्प्यूटर इंस्ट्रक्टर और पीटीआई को भी नई जगहों पर लगाया गया है. लंबे समय से तबादला सूची का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह आदेश अहम माना जा रहा है.
जारी सूची के अनुसार सबसे ज्यादा तबादले जयपुर संभाग में हुए हैं. यहां कुल 918 कर्मचारियों को नई जगह भेजा गया है. इसके बाद उदयपुर संभाग में 869 और अजमेर संभाग में 854 तबादले किए गए हैं. वहीं जोधपुर संभाग में 616, भरतपुर संभाग में 519 और बीकानेर संभाग में 515 कर्मचारियों के तबादले हुए हैं. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक बड़ी संख्या में कर्मचारियों को एक संभाग से दूसरे संभाग में भी भेजा गया है. ऐसे मामलों की संख्या करीब 2154 बताई गई है. इससे साफ है कि इस बार तबादला सूची सिर्फ जिले बदलने तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई कर्मचारियों का संभाग भी बदल गया है.
138 अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
शिक्षकों और दूसरे कार्मिकों के अलावा विभाग ने 138 अधिकारियों के भी तबादले किए हैं. इन अधिकारियों को भी नए कार्यस्थल पर भेजा गया है. विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को 10 दिन के भीतर नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.
इन मामलों में फिलहाल नहीं मिलेगी तबादले की अनुमति
शिक्षा विभाग ने कुछ श्रेणियों को फिलहाल तबादला प्रक्रिया से बाहर रखा है. आदेश के अनुसार प्रोबेशन पीरियड में कार्यरत कर्मचारियों के तबादले पर अभी रोक रहेगी. इसके साथ ही ट्राइबल और नॉन ट्राइबल एरिया के बीच होने वाले तबादलों पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है.
विभाग में बढ़ेगी हलचल
एक साथ इतने बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों और संभागों में तैनात कर्मचारी अब नई जगह पर कार्यभार संभालने की तैयारी में जुटेंगे. विभाग ने साफ कर दिया है कि सभी संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर नई पोस्टिंग पर जॉइन करना होगा. आने वाले दिनों में नए स्कूलों और कार्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ेगी.