हरियाणा में राशन उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, सरकार ने घटाया कोटा

सोनीपत | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने राशन उपभोक्ताओं को बड़ा झटका दिया है. अब सितंबर माह से प्रति राशन कार्ड सरसों के तेल की मात्रा घटा दी गई है. सरकार ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि राशन कार्ड पर दर्ज यूनिट के अनुसार ही सरसों का तेल दिया जाएगा. इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को एक लीटर तेल कम मिल रहा है. नए आदेश के अनुसार, यदि किसी राशन कार्ड में 2 सदस्य दर्ज है, तो उस परिवार को सिर्फ एक लीटर तेल मिलेगा. वहीं, 3 या उससे अधिक सदस्यों वाले परिवारों को 2 लीटर सरसों का तेल ही वितरित किया जाएगा. 1 लीटर तेल पर उपभोक्ताओं को 30 रुपये चुकाने होंगे. इस प्रकार 2 लीटर तेल लेने वाले उपभोक्ताओं को 100 रुपये देने होंगे.

विभाग का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं को सिर्फ 1 लीटर तेल दिया जाएगा. उनके लिए दर में राहत दी गई है. सामान्य तौर पर 50 रुपये प्रति लीटर के बजाय उन्हें 30 रुपये प्रति लीटर दर से तेल मिलेगा. सोनीपत में इतने कार्ड

जिले में इस महीने 2 लाख 55 हजार 470 राशन कार्ड धारक पंजीकृत हैं. इनमें करीब 7 लाख 15 हजार सदस्य दर्ज हैं. इस महीने जिले में 21 लाख 46 हजार 151 किलो गेहूं की एलोकेशन है. सरसों के तेल की एलोकेशन 4 लाख 8 हजार 392 लीटर तय की गई है. विभाग के अनुसार, करीब 5 प्रतिशत तेल की एलोकेशन 2 लीटर से घटाकर 1 लीटर बोतलों में बांटी गई है. उपभोक्ताओं में रोष सरकार के इस फैसले से उपभोक्ताओं में रोष है. बुधवार से ही मशीनें अपडेट होकर वितरण शुरू हुआ है. इसलिए अधिकतर लोगों को आदेश की जानकारी अभी नहीं थी. सूचना मिलने पर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई. 2 सदस्यों वाले राशन कार्ड धारक दर्शन और मीनू ने कहा कि सरकार को दो लीटर तेल देना चाहिए था. चाहे इसके लिए 100 रुपये ही क्यों न देने पड़ें. कटौती से गरीब परिवारों पर सीधा असर पड़ेगा. मुख्यालय से प्राप्त आदेश के अनुसार ही वितरण किया जा रहा है. मंगलवार से जिलेभर के डिपो पर राशन का वितरण शुरू कर दिया गया है. दो सदस्यों वाले कार्ड पर 1 लीटर और 3 या अधिक सदस्यों वाले कार्ड पर 2 लीटर सरसों का तेल उपलब्ध कराया जा रहा है- मनीषा मेहरा, डीएफएससी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक