नालंदा : बिहार के नालंदा में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है. आरोप है कि बीती रात शौच के लिए निकली 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ ज्यादती की गई. मामला नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र की है.
नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म : घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने बताया कि 14 वर्षीय महादलित युवती अपनी बुआ के साथ बुधवार की शाम खेत में गई थी, शौच के बाद जब नाबालिग घर लौट रही थी, तो पूर्व से घात लगाए दो मनचले युवकों ने छेड़छाड़ शुरू की. बुआ ने विरोध जताया तो मनचले उसे परेशान करने लगे. वह किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची, लेकिन उसकी भतीजी आरोपियों के चंगुल में फंस गई. पीड़ित लड़की की बुआ ने परिजनों को सारी आपबीती सुनाई और लड़की को खोजने निकले.
मुंह में कपड़ा ठूंसकर और हाथ पैर बांधकर सामूहिक दुष्कर्म : खोजते-खोजते लगभग आधा घंटा बीत चुका था, इधर आरोपियों ने लड़की के हाथ पैर बांधकर उसके साथ जबरदस्ती की. मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था ताकि वह मदद के लिए चिल्ला न सके. बसेड़ी में बने झोपड़ी नुमा मकान में दोनों आरोपियों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. इधर परिजनों को जब भनक लगी तो वो लाठी डंडे लेकर बसेड़ी की तरफ निकले. लेकिन उनके आने की आहट पाकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले.
आरोपियों ने दी थी धमकी : जाने से पहले आरोपियों ने लड़की को धमकी दी कि अगर किसी को पहचान बताई तो उसे जान से मार देंगे. पीड़िता ने रोते हुए घटना की आपबीती परिजनों को बताई और उसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर कुछ साक्ष्य भी इकट्ठा किए जिसके आधार पर दोनों आरिपोयों तक पुलिस पहुंच गई.
दोनों दरिंदे गिरफ्तार : दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के नगवां गांव निवासी 24 वर्षीय बिट्टू यादव और 22 वर्षीय विक्रम कुमार ऊर्फ टमाटर पासवान के रूप में हुई. पुलिस ने घटना और गिरफ्तारी की पुष्टि की साथ ही इस मामले की तकनीकि और मानवीय आधार पर साक्ष्य जुटाने में जुटी है.
“तकनीकी और मानवीय आधार पर पुलिस साक्ष्य जुटाने में जुटी है. इसके लिए घटनास्थल पर FSL और डॉग स्क्वाड को बुलाकर कई अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं. जिसे फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित भेजा गया है. पीड़िता का इलाज कराया जा रहा है, उसके मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है. दोनों युवकों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. ताकि स्पीडी ट्रायल के जरिए दोनों को कठोर सजा दी जाए.”- सुमन कुमार, थानाध्यक्ष, दीपनगर
गांव में कैंप कर रही पुलिस : फिलहाल इस मामले में महादलित समुदाय के लोगों में चिंता और डर है. हालाकि पुलिस गांव में कैम्प कर रही है ताकि कोई अनहोनी न हो और माहौल पूरा शांत रहे. परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द कठोर सजा मिले. पुलिस इस केस में अभी भी छानबीन कर रही है.