सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा ध्वस्त: मुजफ्फरनगर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर गढ़ी में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई राजस्व विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखपाल ओमवीर सिंह ने बताया कि यह सरकारी भूमि गांव रसूलपुर गढ़ी में पड़ाव चौक से बिजनौर जाने वाले मार्ग पर स्थित है। राजस्व अभिलेखों के अनुसार, यह जमीन सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है। सरधना निवासी रवि पाल द्वारा इस पर अवैध रूप से कब्जा कर दुकान का निर्माण किया जा रहा था।

इस संबंध में समाधान दिवस के दौरान एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, राजस्व विभाग की टीम ने सरकारी जमीन से इस अवैध कब्जे को हटाया है।
.