मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर और तार चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन किसान प्रहरी अभियान के तहत, थाना भोपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक संजय महाडीक के अनुसार, थाना भोपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन चोरी करने वालों का एक गिरोह, ग्राम सिकन्दरपुर के जंगल में चोरी के माल के साथ मौजूद है.

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निगराजनी झाल से तुगलपुर की ओर जाने वाली गंगा नहर पटरी पर दबिश दी और पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के ट्रांसफार्मर, बिजली के तारों का बंडल, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, लोहा कटर, दो मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर खान उर्फ शेर अली निवासी बुझाहेड़ी, कुर्बान पुत्र इंतजार निवासी श्यामपुरा, जीशान पुत्र शब्बीरा, निवासी श्यामपुरा, आसिफ पुत्र पुन्ना निवासी ग्राम बुझाहेड़ी, इस्लाम उर्फ बाला पुत्र अनीस, निवासी नूर नगरियान के रुप में हुई है.

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका संगठित गिरोह है, जो रात के समय खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उनमें से तांबे के तार और अन्य पार्ट्स निकाल लेते हैं, तथा 11 केवी और एलटी लाइनों के तार चोरी कर बेच देते हैं और पैसों को आपस में बांट लेते हैं.

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शेर खान पर पहले से ही बुलंदशहर और मेरठ में चोरी, आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं, फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कर्यवाई कर रही है.