नूंह होकर राजस्थान के भरतपुर तक नमो भारत चलेगी, CM सैनी ने किया ऐलान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नूंह, पुन्हाना और राजस्थान के भरतपुर को जोड़ते हुए दिल्ली-आगरा नमो भारत रेल चलाई जाएगी। इस कॉरिडोर के विस्तार के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को पुन्हाना में आयोजित मेवात विकास संकल्प रैली में यह घोषणा की।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 270 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कांग्रेस से निलंबित विधायक मोहम्मद इलियास के पुत्र जावेद खान ने रैली का आयोजन किया। उन्होंने भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। रैली में मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक नौक्षम चौधरी भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। लफुरी लिंक ड्रेन की खुदाई और पुनर्स्थापन कराया जाएगा। उजीना ड्रेन पर लुहिंगा कलां-जमालगढ़, जमालगढ़-एंचवारी तथा मोहम्मदपुर-पिनगवां मार्ग पर नए पुलों का निर्माण और पुनर्निर्माण होगा। पुन्हाना में पंप हाउस से न्यू कोट ड्रेन तक हाइब्रिड चैनल बनाकर पुनर्निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नूंह में स्वास्थ्य सुविधाओं को भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। घासेड़ा और नगीना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा। धांधुका, साकरस, लुहिंगा कलां, शाहचौखा और चंदेनी के सब हेल्थ सेंटरों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। रानिका, देवला-नंगली, चीला और गोधोला में नए सब हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे।

पुन्हाना के गांवों में स्वास्थ्य केंद्र खुलेंगे
पुन्हाना के 17 गांवों में भी पंचायतों द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पुन्हाना क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। खोरी शाह चोखा से दादा शाह चोखा की मजार, ढाणा रोड, बिसरू-ससरोली, सिरोली-गुढ़ावली तथा बिसरू-सिंगार मार्ग को विकसित किया जाएगा। पुन्हाना में नया स्टेडियम और मल्टीपर्पज हॉल व ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।