Bihar Chunav: तेजस्वी बनेंगे CM, बनाएंगे महागठबंधन सरकार! सर्वे से गदगद हैं लालू यादव पर सामने है यह बड़ी चुनौहरियाणा के पानीपत में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के एक प्राइवेट स्कूल में सात साल के बच्चे के साथ हैवानियत की गई है। उसे ना सिर्फ पीटा गया बल्कि उलटा करके खिड़की से लटकाकर रखा गया। यह घटना पानीपत के जाटल रोड पर स्थित एक प्राइवेट स्कूल की है और इसे अंजाम दिया है एक कैब ड्राइवर ने। आरोप है कि कैब ड्राइवर ने दूसरी क्लास में पढ़ने वाले सात साल के बच्चे की कथित तौर पर पिटाई की और उसे खिड़की से उलटा लटका दिया। इस दौरान उसने ना सिर्फ उस घटना का वीडियो बनाया बल्कि वीडियो कॉल करके उसने अपने साथियों को इसे दिखाया भी था।
हालाँकि यह घटना अगस्त की है लेकिन बच्चे के माता-पिता को शनिवार को इसकी जानकारी तब हुई, जब मारपीट और खिड़की से उलटा लटकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उन्होंने तुरंत स्कूल प्रिंसिपल से संपर्क किया और मॉडल टाउन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कैब ड्राइवर अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जाँच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो से घटना का खुलासा
पीड़ित बच्चे की माँ ने बताया कि उनके बेटे का इसी साल विराट नगर स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा में दाखिला हुआ था। उन्होंने बताया कि यह घटना 13 अगस्त को हुई थी। शनिवार को जब इस परिवार ने वायरल वीडियो को देखा तो वे बच्चे की हालत देखकर अचरज में पड़ गए जिसमें उनके बेटे के पैर रस्सी से बंधे हुए थे और उसे स्कूल यूनिफॉर्म में खिड़की से लटकाकर रखा गया था। एक अन्य वीडियो में उसी स्कूल की प्रिंसिपल दो अन्य बच्चों को दूसरे बच्चों के सामने थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही थी।
होम वर्क नहीं करने की सजा
जब पीड़ित परिवार ने स्कूल की प्रिंसिपल से इस बारे में पूछताछ की तो उन्होंने दावा किया कि उन्हें वीडियो के बारे में कुछ नहीं पता था। बहरहाल पीड़ित बच्चे ने अपनी माँ को बताया कि अजय अंकल ने उसे खिड़की से लटका दिया था। उससे पहले थप्पड़ मारे थे और इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि उस बच्चे का कसूर इतना था कि वह होम वर्क करके नहीं आया था।
जुवेनाइल एक्ट के तहत केस दर्ज
द ट्रिब्युन के मुताबिक, पीड़ित माँ ने आगे बताया कि जब वह और स्कूल की प्रिंसिपल रिफाइनरी रोड स्थित अजय के घर गए, तो उसने वहां कुछ लड़कों को उनसे लड़ने के लिए भेज दिया। शिकायत के बाद रविवार को पुलिस ने पीड़ित, उसके माता-पिता और प्रिंसिपल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने जुवेनाइल एक्ट के तहत आरोपी कैब ड्राइवर अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित बच्चे की मां रीना ने बताया कि अजय बच्चों के साथ अक्सर अनुचित व्यवहार करता था और कुछ अभिभावकों ने उसके आचरण की शिकायत की थी। उसने दावा किया कि उसने खुद यह सब देखा था। कई शिकायतें मिलने के बाद अजय को 30 अगस्त को नौकरी से निकाल दिया गया था।