मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के गांव सीकरी में एक दलित युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक पत्नी के मायके जाने से युवक परेशान था। परिजनों ने सुसाइड के बाद किसी पर आरोप नहीं लगाए हैं। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया
भोपा इलाके के गांव सीकरी में सोमवार सुबह खेतों के पास पेड़ पर एक दलित युवक का शव लटका मिला। एक राहगीर ने सबसे पहले शव देखा। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया। मृतक की पहचान गांव के ही 24 वर्षीय दलित युवक शौकीन के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक शौकीन का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। 4 महीने पहले उसकी शादी बिजनौर की मंडावर तहसील के गांव इनामपुर की लड़की से हुई थी। लेकिन विवाद होने के बाद पत्नी करीब 10 दिन पहले मायके चली गई थी। शौकीन समझौते के बाद पत्नी को उसके मायके से वापस लेकर आया था।
रविवार को शौकीन की पत्नी को लेने के लिए ससुराल वाले आए थे। सोमवार सुबह शौकीन की पत्नी फिर से मायके लौट गई। तो उसने स्वजन पर नाराजगी जाहिर की। आशंका है कि पत्नी के वापस मायके जाने से परेशान होकर ही शौकीन ने आत्महत्या कर ली। शौकीन के स्वजन ने पुलिस से किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं की। थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक थाना भोपा ने बताया कि यह आत्महत्या का मामला है।