ग्रेटर नोएडा में बहन से मिलने आए डॉक्टर ने 21वीं मंजिल से कूदकर दी जान-जानें पूरा मामला

ग्रेनो वेस्ट स्थित गौर सिटी-2 सोसाइटी के 14 एवेन्यू की 21वीं मंजिल से कूदकर सोमवार की दोपहर डॉक्टर ने खुदकुशी कर ली। वह अपनी मां के साथ बहन से मिलने के लिए सोसाइटी में आए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वह मानसिक बीमारी से पीड़ित थे।

बिसरख कोतवाली पुलिस के मुताबिक 29 वर्षीय शिवा शर्मा महाविद्या कॉलोनी गोविंद नगर मथुरा में परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने मुंबई से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। शिवा को अगले महीने इंटर्नशिप के लिए महाराष्ट्र के नासिक जाना था। डॉक्टर शिवा सोमवार को अपनी मां के साथ गौर सिटी-2 सोसाइटी में रहने वाली अपनी बहन से मिलने पहुंचे। उन्होंने दोपहर में 21वीं मंजिल से छलांग लगा दी। सोसाइटी के लोग उन्हें नजदीक के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने शिवा शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि डॉक्टर शिवा मानसिक बीमारी से पीड़ित थे। बेंगलुरु से उनका इलाज चल रहा था। आशंका है कि बीमारी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि डॉक्टर शिवा ने 21वीं मंजिल से कूदकर जान दी। हालांकि, पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

परिजनों से बातचीत में मानसिक बीमारी की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या का कोई कारण स्पष्ट नहीं हुआ। जांच की जा रही है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने कहा कि सोसाइटी की 21वीं मंजिल से कूदकर मथुरा के रहने वाले डॉक्टर ने खुदकुशी की। परिवार से हुई शुरुआती पूछताछ में मानसिक बीमारी की बात सामने आ रही है। पुलिस जांच में जुटी है। आत्महत्या का कारण पता लगाया जा रहा है।

मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना के बाद से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय मां और बहन अंदर कमरे में थीं। इसी बीच डॉक्टर शिव बाहर निकले और नीचे छलांग लगा दी। मां और बहन को जब इस घटना का पता चला तो उनकी चीख निकल गई। परिवार के अन्य लोग व रिश्तेदार भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

हाल में कई ऐसी घटनाएं
हाईराइज सोसाइटी में रहने वाले लोग अवसाद और बीमारी से टूट रहे हैं। 10 दिन पहले भी एक सोसाइटी में मां-बेटे ने 13वीं मंजिल से कूद कर जान दी थी। पुलिस ने बताया था कि महिला अपने बेटे की बीमारी से परेशान थी। उसका इलाज नहीं हो पा रहा था। इसके अलावा भी इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं।

● 13 सितंबर 2025: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी की तेरहवीं मंजिल से मां-बेटे ने कूद कर खुदकुशी की।

● 18 फरवरी 2025: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जेएम फ्लोरेंस सोसाइटी में छात्रा ने 23वीं मंजिल से छलांग लगाई। इससे उसकी जान चली गई थी।

● 20 मई 2025: गौर सिटी सोसाइटी के 14वीं एवेन्यू की 21वीं मंजिल से गिरकर युवक-युवती की मौत हुई। इस मामले सुसाइड की बात सामने आई थी।

● 7 जुलाई 2025: ग्रेनो वेस्ट की स्प्रिंग मिडोज सोसाइटी में रहने वाली बुजुर्ग महिला ने अपने फ्लैट की बालकनी से कूदकर जान दी।