होटल के कमरे में प्रेमिका ने मचाई ऐसी आंधी, निकल गई प्रेमी की जान; पुलिस-परिजन हैरान

अलीगढ़ में लिव-इन में रह रहे दो समुदाय के प्रेमी-प्रेमिका में बुधवार को बन्नादेवी क्षेत्र के देव होटल में झगड़े के बाद प्रेमी जीशान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवती उसे बेहोशी की हालत में ई-रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवती ने दोनों में झगड़े के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या किया जाना बताया है, जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप मढ़ा है। पुलिस जांच व पोस्टमार्टम के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।

एसएचओ बन्नादेवी विजय कुमार के अनुसार जमालपुर आसिफ नगर का जीशान (25) ऑटो रिक्शा चालक था। पिछले कई वर्ष से जीशान का दूसरे समुदाय की काजल संग प्रेम प्रसंग था। काजल काफी पहले से होटलों में काम करती है। उसके परिवार का कोई अता-पता नहीं है।

प्रेम संबंध के चलते जीशान ने अपना घर छोड़ दिया। करीब तीन वर्ष से दोनों गांधीपार्क इलाके में किराये पर कमरा लेकर लिव-इन में रहते थे। काजल मसूदाबाद के होटल में सफाई से लेकर रसोई संभालने का काम एक अन्य युवती संग करती है। इसके चलते कमरे पर रहने के बजाय उसका अधिकांश समय होटल में ही बीतता है। जीशान भी वहीं उसके पास रहने आ जाता था।

एसएचओ ने बताया कि अब तक की जांच व काजल के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे जीशान नशे में धुत होकर होटल में पहुंचा। जहां उसने अपनी जर्सी उतारकर वाशिंग मशीन में डाल दी व होटल में डांस करने लगा। इस पर गुस्सा होकर काजल ने विरोध किया और जर्सी न धोने की बात कह दी। इसी बात पर उनमें झगड़ा हुआ।

इसके बाद वह पहले होटल के ऊपरी हिस्से में गया। वहां से उतरकर बगल की निर्माणाधीन बिल्डिंग में पहुंचकर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। होटल के साथियों की सूचना पर वहां जाकर देखा तो जीशान के मुंह से झाग निकल रहा था। फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन काजल ई-रिक्शा में डालकर जीशान को अपनी साथी स्टाफ की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंची।

साथ में पुलिस को खबर दी। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। काजल ने ही जीशान के परिवार को भी सूचना दी। तब सूचना पर परिजन आ गए। उन्होंने काजल पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस काजल को वहां से हिरासत में थाने ले गई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

भाई ने लगाए ये आरोप
जीशान के भाई ने आरोप लगा या है कि युवती होटलों में काम करती है। उसका इस तरह के युवकों को फंसाकर उनको परेशान करना व ब्लैकमेल करना पेशा है। उसने खुद जीशान की आत्महत्या की खबर दी। वह उसे काफी परेशान कर रही थी। उसकी वजह से जीशान घर नहीं आता था। भाई का आरोप है कि उसे साजिश रचकर मारा गया है। बाद में उसे आत्महत्या दर्शाने की कोशिश हुई है।

जानबूझकर नहीं की शादी
एसएचओ विजय सिंह के अनुसार युवती ने स्वीकारा है कि दोनों अलग अलग समुदाय के थे। इसलिए जीशान ने उससे शादी नहीं की थी। उसका कहना था कि अगर शादी कर ली तो उसे उसके घर वाले संपत्ति आदि से बेदखल कर देंगे।

होटल पर ताला, तरह तरह की चर्चाएं
घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई और होटल मालिक मौके पर ताला डालकर फरार हो गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। वहीं, अस्पताल में काजल के साथ पहुंचा स्टाफ भी काजल व जीशान को छोड़कर गायब हो गया।

इधर, इस घटना के बाद होटल को लेकर भी तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोग यहां तक कह रहे थे कि कहीं ये उसी तरह का होटल व युवक युवतियों का विवाद तो नहीं, जो पिछले दिनों सूतमिल के होटलों में पकड़ा गया था।