Crores Transaction in Laborers Account-मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक गरीब मजदूर के खाते में करोड़ों रुपए के लेनदेन का मामला सामने आया है. जब मजदूर सम्मान निधि की राशि निकालने बैंक पहुंचा तो इसका खुलासा हुआ. मजदूर का यह बैंक खाता जनधन योजना के तहत खोला गया था, जिसमें किसान सम्मान निधि की राशि आती थी, लेकिन अब इसमें करीब 2 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्श पाया गया है.
खाते में मिला करोड़ों का लेनदेन
बैतूल के कनारा के रहने वाले बिसराम मंगू इवने का बैंक ऑफ महाराष्ट्र, खेड़ीसावलीगढ़ शाखा में जनधन खाता है. बैंक पहुंचने पर जब उसने पासबुक अपडेट करवाी तो बैंक के एकाउंटेंट ने बताया कि खाते में करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है. साथ ही बैंक ने संदिग्ध ट्रांजेक्शन के चलते खाते को होल्ड कर दिया है.
परिवार हुआ परेशान
बैंक के एकाउंटेंट ने बिसराम को यह कहा कि इतनी बड़ी रकम के लेनदेन से आयकर विभाग की जांच में फंस सकते हो. यह सुनकर मजदूर के पैरों तले जमीन खिसक गई. परिवार के लोगों का कहना है कि बिसराम तब से खाना तक नहीं खा पा रहा है और लगातार परेशान है. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि खाते में यह ट्रांजेक्शन आईपीएल शुरू होने के समय से हो रहे हैं.
मोबाइल बैंकिंग के जरिए हुआ ट्रांजेक्शन
जानकारी के अनुसार, यह ट्रांजेक्शन 15 सितंबर से शुरू हुए हैं और अधिकांश मोबाइल बैंकिंग के जरिए किए गए हैं. खाते की स्टेटमेंट में अमोल झावर, शिवम पाल, राजेश और विनोद कुमारे जैसे नामों से NEFT और डायरेक्ट ट्रांसफर दर्ज हैं. जबकि खाते में मजदूर की अपनी रकम 9,600 रुपए हैं.
कलेक्टर से की शिकायत
जब मजदूर बिसराम को करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली तो उसने मंगलवार को कलेक्टर से मिलकर लिखित आवेदन दिया और मामले में जांच की मांग की. बिसराम ने कहा कि साहब मैं तो मजदूर आदमी हूं, मेरे खाते में करोड़ों रुपए कहां से आए, मुझे कुछ समझ नहीं आता. लीड बैंक मैनेजर ने बताया कि वे मामले को गंभीरता से लेकर संबंधित बैंक शाखा से चर्चा कर जांच शुरू करने जा रहे हैं.