यूपी के गोंडा जिले में गोंडा-लखनऊ रेलमार्ग पर पिपरी गांव के पास बृहस्पतिवार शाम एक युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। 100 मीटर की दूरी पर उसके प्रेमी ने पेड़ में फंदा बांधकर फांसी लगा ली। आरपीएफ की सूचना पर करनैलगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। युवक के पास मिले मोबाइल में खुदकुशी के पहले का युवक व युवती का एक वीडियो मिला। इस वीडियो में दोनों ने खुदकुशी की बात कही है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के बखरिया झाला गांव निवासी नीरज मौर्य (25) का बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गुलरिहा गांव की रहने वाली लक्ष्मी मौर्या (20) से पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों चोरी-छिपे एक-दूसरे से मिलते थे। करीब दो साल पहले इसकी जानकारी होने पर नीरज के परिजनों ने दूसरी युवती से उसकी शादी करा दी।
इसके बाद भी नीरज और लक्ष्मी चोरी-छिपे मिलते रहा। गत 21 दिसंबर को नीरज शादी के इरादे से लक्ष्मी को लेकर चला गया। लक्ष्मी के पिता लल्लन प्रसाद ने नीरज, उसके भाई पंकज, पिता राधे व बहनोई मंगल के खिलाफ विशेश्वरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस के दबाव बनाने पर दोनों थाने में हाजिर हो गए। लक्ष्मी ने पुलिस के सामने नीरज के साथ रहने का बयान दिया। इसके बाद 24 दिसंबर को बहराइच में मजिस्ट्रेट के समक्ष लक्ष्मी का बयान दर्ज हुआ था। जिसमें उसने खुद को बालिग बताते हुए नीरज के साथ रहने की बात कही थी।
नीरज की पत्नी और लक्ष्मी के परिजन इस रिश्ते का विरोध करने लगे। जिसके बाद बृहस्पतिवार को दोनों ने जान देने का फैसला किया। इससे पहले नीरज व लक्ष्मी ने एक वीडियो बनाकर वायरल किया।
संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। इस वीडियो में दोनों पहले अपना परिचय दे रहे हैं। इसके बाद नीरज कह रहा है कि हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। हम दोनों 21 दिसंबर को भाग गए थे। इसके बाद लौटकर विशेश्वरगंज थाने पहुंचे।
जहां लक्ष्मी ने बयान दिया कि वह मेरे साथ ही रहना चाहती है। लड़की के घर वाले और मेरी पत्नी हम दोनों को मार देने की धमकी दे रहे हैं। हम दोनों जीना नहीं चाहते और अपनी मर्जी से आत्महत्या करने जा रहे हैं। इसके लिए किसी को परेशान न किया जाए।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सिविल पुलिस को मेमो भेजा गया था। करनैलगंज इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि नीरज के पास मोबाइल फोन और 200 रुपये मिले हैं। मामले में छानबीन के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बदहवास हो गए माता-पिता
नीरज मौर्य तीन भाइयों में बड़ा था। पंकज (20) व अंगद (18) छोटे हैं। पिता राधे मौर्य खेती करते हैं और मां पुष्पा देवी ग्राम प्रधान हैं। पिता राधे ने बताया कि दो साल पहले ही राजगढ़ अमीन गांव की रहने वाली खुशबू से नीरज की शादी हुई थी। नीरज के खुदकुशी करने से माता-पिता बदहवास हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुपुर्दगी के दूसरे दिन ही प्रेमी युगल ने खत्म कर ली जिंदगी
प्रेमी युगल की कहानी का बृहस्पतिवार को दुखद अंत हो गया। युवती के बयान के बाद न्यायालय ने प्रेमी युगल की सुपुर्दगी युवक की मां एवं ग्राम प्रधान पुष्पा देवी को सौंपी थी, लेकिन सुपुर्दगी के दूसरे ही दिन दोनों ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। मौत की सूचना गोंडा पुलिस द्वारा विशेश्वरगंज निवासी युवती के परिजनों को दी गई, लेकिन इसके बावजूद परिजन गोंडा शव लेने नहीं पहुंचे।
प्रथम दृष्टया प्रेमी युगल द्वारा आत्महत्या का कारण सामाजिक दबाव और पारिवारिक विरोध माना जा रहा है। ग्राम पंचायत गुलरिहा के जंजाली बाबा पुरवा निवासी लल्लन मौर्य ने 21 दिसंबर को अपनी पुत्री लक्ष्मी मौर्य को जबरन साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए गोंडा जनपद के कौड़िया थाना के ग्राम बखरिहा झाला निवासी नीरज मौर्य के खिलाफ विशेश्वरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 दिसंबर को दोनों को बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां धारा 164 के तहत युवती का बयान दर्ज किया गया। बयान में लक्ष्मी मौर्य ने नीरज मौर्य के साथ अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोनों को नीरज की मां पुष्पा देवी के सुपुर्द कर दिया था। बताया गया कि दोनों के बीच लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे।
सुपुर्दगी के दूसरे दिन बृहस्पतिवार शाम 04:30 बजे दोनों ने आत्महत्या कर ली। लक्ष्मी मौर्य के भाई संतोष कुमार मौर्य, जो दिव्यांग हैं और परचून की दुकान चलाते हैं, ने कहा कि अब उनके किसी पर कोई आरोप नहीं है और यह दोनों का निजी निर्णय था।
पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद परिजन मौके पर नहीं पहुंचे। थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के परिजन नीरज मौर्य से शादी के लिए सहमत नहीं थे। लगातार विरोध, सामाजिक दबाव और पारिवारिक तनाव के चलते प्रेमी युगल ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी लक्ष्मी
नीरज मौर्य पहले से विवाहित था और उसकी मां पुष्पा देवी ग्राम प्रधान हैं। नीरज अपनी मां के प्रधान प्रतिनिधि के रूप में कार्य देखता था। वहीं लक्ष्मी मौर्य बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। नीरज मौर्य की रिश्तेदारी गुलरिहा गांव में होने के कारण उसका आना-जाना रहता था। इसी दौरान लक्ष्मी से बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।