फास्ट फूड के शौक ने ली छात्रा की जानः तडप-तडपकर मौत-जानें पूरा मामला

अधिक फास्ट फूड का सेवन एक छात्रा की जान पर भारी पड़ गया। यूपी के अमरोहा में अधिक फास्ट फूड खाने से एक छात्रा की मौत हो गई। उसकी आंतें खराब हो गई थीं। छात्रा की सितंबर में तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी। तीन दिसंबर की रात में छात्रा का आपरेशन हुआ था लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

फास्ट फूड खाने का शौक अमरोहा की 11वीं की छात्रा अहाना (16) की जान पर भारी पड़ गया। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा- बर्गर खाने से उसकी आंतें खराब हो गईं, उनमें छेद हो गए। निजी अस्पताल में छात्रा का ऑपरेशन कराया गया, बावजूद इसके उसे बचाया नहीं जा सका।

दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान रविवार की रात छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अहाना अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान में रहने वाले मंसूर खान की बेटी थी। किसान मंसूर खान के परिवार में पत्नी सारा खान के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं।

सबसे छोटी बेटी अहाना शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक अहाना को फास्ट फूड खाने का शौक था। मना करने के बाद भी वह चाऊमीन, मैगी, पिज्जा-बर्गर जैसे फास्ट फूड खाती रहती थी। सितंबर माह में अहाना की तबीयत बिगड़ गई।

पेट दर्द के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया
पेट में अधिक दर्द की शिकायत होने पर 30 नवंबर को उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी आंत चिपकने के साथ उनमें छेद होने की बात बताई। डॉक्टरों ने आंतें खराब होने का मुख्य कारण फास्ट फूड का सेवन बताया।

चार दिन पहले दोबारा से बिगड़ी तबीयत
अस्पताल में भर्ती अहाना का 30 दिसंबर की रात डॉक्टर ने सफल ऑपरेशन किया। इसके दस दिन बाद अहाना को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। लेकिन, अहाना लगातार कमजोर होती चली गई, चार दिन पहले उनकी दोबारा से तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों ने अहाना को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया।

अहाना की हार्ट फेल होने से मौत
परिजनों के मुताबिक यहां अहाना की सेहत में कुछ सुधार हो गया था और वह चलने फिरने भी लगी थी। लेकिन रविवार की रात अचानक अहाना की तबीयत बिगड़ गई और हार्ट फेल होने से मौत हो गई।

छात्रा अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने फास्ट फूड खाने से आंत खराब होने की वजह बताई है। होनहार अहाना की मौत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खाने में स्वादिष्ट फास्ट फूड सेहत के लिए बेहद हानिकारक
फास्ट फूड भले ही स्वाद में अच्छा लगता हो, लेकिन यह सेहत के लिए बेहद हानिकारक है। इसे कम से कम खाना चाहिए और हेल्दी फूड को अपनी आदत बनाना चाहिए। अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो जंक फूड से बचें और पोषण से भरपूर आहार लें। इसके अलावा नियमित रूप से व्यायाम करें, पानी पीएं और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं ताकि आप खुद को बीमारियों से बचा सकें।

सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि हमारे शरीर को सबसे ज्यादा नुकसान फास्ट और प्रोसेस्ड फूड से होता है। इस तरह की चीजें न सिर्फ तेजी से शरीर के वजन को बढ़ाने वाली हो सकती हैं, साथ ही इसके कारण कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का खतरा भी हो सकता है। फास्ट फूड का शारीरिक और मानसिक रूप से सेहत पर असर देखा जाता है।