इंसान साथ छोड़ देते हैं, लेकिन कुत्ते नहीं; हिमाचल की बर्फ में 4 दिन तक पिटबुल ने की मालिक के शव की रखवाली

चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से सामने आई एक घटना ने इंसान और जानवर के रिश्ते को एक बार फिर शब्दों से परे साबित कर दिया है. बर्फ से ढकी पहाड़ियों और जानलेवा ठंड के बीच एक पिटबुल कुत्ते ने अपने मालिक की मौत के बाद भी उसका साथ नहीं छोड़ा. यह कहानी न सिर्फ दुखद है, बल्कि दिल को छू लेने वाली भी है.

जानकारी के अनुसार, पियूष और उसका चचेरा भाई चंबा घाटी में ट्रेक पर निकले थे. इसी दौरान इलाके में अचानक भीषण बर्फबारी और तेज बर्फीला तूफान आ गया. खराब मौसम की वजह से दोनों रास्ता भटक गए और माइनस तापमान में फंस गए. उनके साथ पियूष का पालतू पिटबुल कुत्ता भी था.

पिटबुल ठीक उसके पास बैठा हुआ था
परिवार और स्थानीय प्रशासन की तरफ से जब दोनों की तलाश शुरू की गई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. ज्यादा ठंड और मौसम की मार के कारण दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी. जब रेस्क्यू टीम पियूष के शव तक पहुंची, तो एक हैरान कर देने वाला दृश्य सामने आया. पियूष का पिटबुल ठीक उसके पास बैठा हुआ था.

बताया जा रहा है कि यह कुत्ता लगातार चार दिन तक सब-जीरो तापमान में अपने मालिक के शव के पास डटा रहा. न खाने की चिंता, न अपनी जान की बस अपने मालिक की रखवाली. कुत्ता इतना सतर्क और रक्षक भाव में था कि शुरुआत में उसने रेस्क्यू टीम को शव के पास आने तक नहीं दिया.

रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत के बाद स्थिति संभालनी पड़ी। पियूष के चचेरे भाई का शव भी पास ही एक पहाड़ी ढलान से बरामद किया गया. इसके बाद दोनों शवों और कुत्ते को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते को मजल पहनाकर सुरक्षित ले जाया जा रहा है. हैरानी की बात यह रही कि कुत्ता अपने मालिक की मौत से अनजान, पूंछ हिलाते हुए लोगों के साथ चलता नजर आया. यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर गया.

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जानवरों की वफादारी किसी भी हालात में डगमगाती नहीं. जहां इंसान कई बार रिश्तों में शर्तें जोड़ देता है, वहीं एक कुत्ता बिना किसी स्वार्थ के आखिरी सांस तक साथ निभाता है. हिमाचल की बर्फीली वादियों में लिखी गई यह कहानी हमेशा इंसानियत और वफादारी की मिसाल बनकर याद रखी जाएगी.