विदेश में घूमने जाने के दौरान लोग नई जगहों, नए अनुभवों और वहां की संस्कृति को करीब से जानने की कोशिश करते हैं. लेकिन कई बार कुछ ऐसी घटनाएं सामने आ जाती हैं, जो लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लेती हैं. वियतनाम से सामने आया एक ऐसा ही मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हो ची मिन्ह सिटी के एक भारतीय रेस्टोरेंट का CCTV वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार और रेस्टोरेंट स्टाफ के बीच विवाद नजर आ रहा है. रेस्टोरेंट मालिक का आरोप है कि बच्चों की हरकतों को लेकर स्टाफ ने जब उन्हें रोका तो परिवार ने उल्टा स्टाफ से बहस शुरू कर दी और माहौल खराब हो गया.
बच्चों की हरकत से शुरू हुआ विवाद
यह पूरा मामला हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय रेस्टोरेंट ‘Bombay Bites’ का बताया जा रहा है. रेस्टोरेंट की मालिक ऐश्वर्या खन्ना सिंह ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उनके अनुसार, परिवार के बच्चे डाइनिंग एरिया में टिश्यू पेपर इधर-उधर फेंक रहे थे. बच्चों को ऐसा करने से रोकने के लिए स्टाफ ने बेहद सामान्य तरीके से उन्हें समझाने की कोशिश की. लेकिन आरोप है कि इसके बाद स्थिति बिगड़ गई. CCTV फुटेज में कुछ बच्चे टेबल पर रखे टिश्यू होल्डर उठाकर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद वे प्लेट और ग्लास भी उठाकर नीचे गिराते नजर आते हैं.
स्टाफ से बहस और बढ़ा मामला
वीडियो में आगे एक व्यक्ति, जिसे बच्चों का पिता बताया जा रहा है, स्टाफ की तरफ गुस्से में इशारा करते और बहस करते दिखाई देता है. आरोप है कि उस व्यक्ति ने गुस्से में पास रखे कुछ ग्लास उठाकर जमीन पर पटक दिए. इस दौरान रेस्टोरेंट का माहौल काफी तनावपूर्ण नजर आता है. वीडियो में एक स्टाफ सदस्य परेशान होकर वहां से हटता हुआ दिखाई देता है. इसके बाद परिवार के कुछ लोग उसके पास जाते हैं और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनती नजर आती है. हालांकि, इस वीडियो में दिख रही घटना और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
रेस्टोरेंट मालिक ने उठाए सवाल
रेस्टोरेंट मालिक ऐश्वर्या ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि एक रेस्टोरेंट किसी के लिए खेलने की जगह नहीं होता. उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सेवा करना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन स्टाफ के साथ सम्मान से पेश आना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है. उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार ने स्टाफ के साथ गलत व्यवहार किया, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और जिम्मेदारी लेने के बजाय खुद को बचाने की कोशिश की. ऐश्वर्या ने यह भी कहा कि किसी की पहचान या सोशल मीडिया फॉलोइंग से ज्यादा जरूरी इंसानियत और व्यवहार होता है.
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना पर जमकर प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने बच्चों के व्यवहार के लिए माता-पिता को जिम्मेदार ठहराया. यूजर्स का कहना था कि बच्चों को छोटी उम्र से ही दूसरों का सम्मान करना और सार्वजनिक जगहों पर सही व्यवहार करना सिखाना चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि बच्चे वही सीखते हैं, जो वे अपने घर में देखते हैं. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि रेस्टोरेंट स्टाफ के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल गलत है. कई लोगों ने इसे ‘सिविक सेंस’ की कमी बताया और कहा कि पढ़ाई या स्टेटस से ज्यादा जरूरी इंसान का व्यवहार होता है.
बच्चों पर भी लोगों ने जताई चिंता
कई यूजर्स ने सिर्फ माता-पिता के व्यवहार पर सवाल नहीं उठाए, बल्कि बच्चों की परवरिश को लेकर भी चिंता जताई. लोगों का कहना था कि अगर बच्चे बचपन से ही ऐसी चीजें देखते हैं, तो आगे चलकर उनके व्यवहार पर भी इसका असर पड़ सकता है. कुछ लोगों ने कहा कि बच्चों को रोकना और सही-गलत समझाना माता-पिता की जिम्मेदारी होती है. अगर बड़े लोग ही गुस्से और गलत तरीके से चीजों को संभालेंगे तो बच्चे भी वही सीखेंगे.
घटना ने फिर छेड़ी बहस
यह मामला एक बार फिर इस बात पर चर्चा लेकर आया है कि सार्वजनिक जगहों पर लोगों का व्यवहार कैसा होना चाहिए. रेस्टोरेंट, मॉल, ट्रेन या किसी भी सार्वजनिक जगह पर सिर्फ अपनी सुविधा नहीं, बल्कि आसपास मौजूद लोगों का ध्यान रखना भी जरूरी होता है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इस घटना को लेकर अपनी राय दे रहे हैं. इस पूरे मामले ने एक बार फिर याद दिलाया है कि बच्चों की परवरिश सिर्फ पढ़ाई से नहीं, बल्कि व्यवहार और संस्कार से भी होती है.
Bombay Bites HCM, a restaurant located in Ho Chi Minh City, Vietnam, reported that an Indian family allegedly caused property damage and assauIted staff members after being requested to prevent their children from throwing objects.pic.twitter.com/4dp9Uprczy
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 30, 2026