Tata Sierra.ev: चलती-फिरती थिएटर है ये कार! अंदर मिलती हैं 3 स्क्रीन, ये 5 सीक्रेट फीचर्स आपको दीवाना बना देंगे

भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में टाटा मोटर्स ने एक बार फिर इतिहास दोहरा दिया है. टाटा ने अपने सबसे आइकॉनिक नाम ‘सिएरा’ को एक बिल्कुल नए और बेहद हाईटेक अवतार में वापस लाया है. हम बात कर रहे हैं नई Tata Sierra.ev की, जो सिर्फ एक इलेक्ट्रिक गाड़ी नहीं बल्कि पहियों पर चलने वाला एक सुपर गैजेट है. ₹18.79 लाख की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुई यह SUV पूरी तरह से सॉफ्टवेयर और 5G तकनीक से लैस है. इसके अंदर आपको ट्रिपल स्क्रीन सेटअप से लेकर इन-कार गेमिंग और खुद से पार्क होने वाली रोबोटिक तकनीक मिलेगी. आइए जानते हैं टाटा की इस सबसे एडवांस ईवी के सभी हाइटेक पैकेजेस के बारे में.

डैशबोर्ड पर तीन स्क्रीन और इन-कार गेमिंग
Tata Sierra.ev के केबिन में कदम रखते ही सबसे पहले आपका ध्यान इसके ‘होराइजन व्यू ट्रिपल स्क्रीन सेटअप’ पर जाता है. डैशबोर्ड पर एक के बाद एक तीन डिजिटल स्क्रीन्स लगी हैं. इसमें ड्राइवर डिस्प्ले और सेंट्रल इंफोटेनमेंट के अलावा, बगल में बैठे पैसेंजर के लिए एक अलग स्क्रीन दी गई है. टाटा ने इसमें ‘थिएटर प्रो’ फीचर दिया है, जो गाड़ी खड़ी होने पर पैसेंजर स्क्रीन को सिनेमा हॉल में बदल देता है. इसके अलावा, ‘Arcade.ev’ ऐप के जरिए आप 30 से ज्यादा ऐप्स स्ट्रीम कर सकते हैं. भारत में पहली बार इस कार के साथ ‘AirConsole’ गेमिंग प्लेटफॉर्म दिया गया है, जिससे आप कार के अंदर ही वीडियो गेम खेल सकते हैं.

पलक झपकते ही पकड़ेगी रफ्तार
यह धाकड़ इलेक्ट्रिक SUV टाटा के नए Acti.ev+ आर्किटेक्चर पर बनी है. इसमें 75kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो दो मोटर्स के साथ आता है. इसका फ्रंट मोटर 140PS और रियर मोटर 209PS की पावर जनरेट करता है, जिससे गाड़ी को कुल 504Nm का टॉर्क मिलता है. कंपनी का दावा है कि ‘बूस्ट मोड’ ऑन करते ही यह कार महज़ 5.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. इसमें नॉर्मल, इको और स्पोर्ट मोड्स के साथ-साथ कीचड़, रेत और बर्फ के लिए 6 अलग-अलग टेरेन मोड्स भी दिए गए हैं.

शीशे पर दिखेगा रास्ता और खुद होगी पार्क
ड्राइविंग को आसान बनाने के लिए इसमें ‘HypAR हेड-अप डिस्प्ले’ दिया गया है. यह एक ऑगमेंटेड रियलिटी सिस्टम है, जो कार के सामने वाले शीशे (विंडशील्ड) पर ही नेविगेशन और स्पीड की जानकारी दिखाता है. पार्किंग की टेंशन को खत्म करने के लिए इसमें ‘e-Valet ऑटो पार्क असिस्ट’ दिया गया है, जिससे कार खुद-ब-खुद पार्क हो जाती है. इसके ‘समन मोड’ के जरिए आप कार को बिना अंदर बैठे रिमोट से ही पार्किंग स्लॉट से बाहर निकाल सकते हैं या अंदर भेज सकते हैं.

स्मार्टफोन की तरह होगी अपडेट
टाटा की इस कार में ‘iRA.ev’ कनेक्टेड प्लेटफॉर्म दिया गया है, जो 70 से ज्यादा स्मार्ट फीचर्स ऑफर करता है. इसकी मदद से आप फोन से ही कार को लॉक-अनलॉका कर सकते हैं और चार्जिंग स्टेटस देख सकते हैं. यह कार ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट को सपोर्ट करती है, यानी नए फीचर्स के लिए आपको सर्विस सेंटर जाने की ज़रूरत नहीं होगी, कार खुद इंटरनेट से अपडेट हो जाएगी. साथ ही, इसमें एंड्रॉइड ऑटो के साथ एक खास ‘EV रूट प्लानर’ भी है, जो यात्रा शुरू होने से पहले ही बता देगा कि डेस्टिनेशन पर पहुंचने तक कितनी बैटरी बचेगी.

केबिन नहीं, यह है लक्जरी लाउंज
आराम के मामले में टाटा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है. कार के अंदर 12 स्पीकर्स वाला JBL ऑडियो सिस्टम लगा है जो Dolby Atmos को सपोर्ट करता है. इसके अलावा, कार के केबिन की हवा को साफ रखने के लिए ‘BreatheIQ’ एयर प्यूरीफायर दिया गया है, जो लाइव AQI दिखाता है. ड्राइवर के लिए मेमोरी फंक्शन वाली 6-वे पावर्ड सीट और पैसेंजर्स के लिए वेंटिलेटेड सीट्स दी गई हैं. छत पर सेगमेंट का सबसे बड़ा ‘Panoramax’ पैनोरमिक सनरूफ कार के लुक को बेहद प्रीमियम बनाता है. इस गाड़ी की बुकिंग शुरू हो चुकी है और इसकी डिलीवरी 15 जुलाई से की जाएगी.