‘मां से बात करनी है’, सीजे रॉय सुसाइड केस में नया खुलासा; कहां बिताए आखिरी पल?

नई दिल्ली। बेंगलुरु के जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सीजे रॉय ने शुक्रवार को अपने ऑफिस में आत्महत्या कर ली। यह घटना उस समय हुई जब उनसे इनकम टैक्स विभाग की टीम पूछताछ कर रही थी। आत्महत्या से कुछ देर पहले रॉय ने अपने सहयोगियों से कहा था कि उन्हें अपनी मां से बात करनी है। इनकम टैक्स विभाग ने दिसंबर के पहले हफ्ते में सीजे रॉय से जुड़ी कंपनियों पर छापेमारी की थी। छापों में मिले दस्तावेजों को लेकर बीते कुछ दिनों से उनसे लगातार पूछताछ की जा रही थी। रॉय इससे पहले केरल में भी आईटी अधिकारियों के सामने पेश हो चुके थे।

दुबई से लौटने के बाद उन्होंने अधिकारियों को बताया था कि जरूरत पड़ने पर वे बेंगलुरु में पूछताछ के लिए उपलब्ध रहेंगे। गुरुवार को इनकम टैक्स विभाग ने फिर से उनकी कंपनियों पर छापे मारे थे। आरोप है कि जांच में उनकी ज्ञात आय से ज्यादा संपत्ति का पता चला।

शुक्रवार दोपहर क्या हुआ? शुक्रवार को कॉन्फिडेंट ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर टीए जोसेफ, सीजे रॉय को लेकर बेंगलुरु के लैंगफोर्ड रोड स्थित ऑफिस पहुंचे। वहां रॉय को आईटी अधिकारियों को अपना बयान देना था। ऑफिस पहुंचने के बाद रॉय अपने केबिन में चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने जोसेफ से कहा कि उन्हें अपनी मां से बात करनी है। इसके बाद जोसेफ केबिन से बाहर चले गए। थोड़ी देर बाद सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि रॉय ने किसी को भी अंदर न आने का निर्देश दिया है। जब काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला, तो केबिन का दरवाज़ा तोड़ा गया।

अस्पताल में मौत की पुष्टि केबिन के अंदर सीजे रॉय अपनी कुर्सी पर बैठे मिले, उनकी शर्ट पर खून के निशान थे और वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई। मेडिकल स्टाफ ने मौके पर ही नब्ज न होने की पुष्टि की। उन्हें एचएसआर लेआउट स्थित नारायणा अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में टीए जोसेफ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस से यह जानने की अपील की है कि किन परिस्थितियों में रॉय ने यह कदम उठाया। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना दोपहर 3 से 3.30 बजे के बीच हुई।

उन्होंने कहा कि केरल से आई इनकम टैक्स टीम पिछले तीन दिनों से रॉय के ऑफिस में तलाशी और पूछताछ कर रही थी। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह मामला आत्महत्या के लिए उकसानेका बन सकता है, तो उन्होंने कहा कि जांच शिकायत के आधार पर आगे बढ़ेगी। क्या है कॉन्फिडेंट ग्रुप? सीजे रॉय के भाई ने एक मलयालम न्यूज चैनल को बताया कि आईटी टीम पहली बार 3 दिसंबर को बेंगलुरु आई थी और कुछ दिन यहीं रुकी थी। बाद में 28 जनवरी को रॉय को दुबई से वापस बुलाकर दोबारा जांच शुरू की गई। कॉन्फिडेंट ग्रुप दक्षिण भारत की एक जानी-मानी रियल एस्टेट कंपनी है। यह कुछ सीजन तक बिग बॉस मलयालम का टाइटल स्पॉन्सर भी रह चुका है, जिसे अभिनेता मोहनलाल होस्ट करते हैं।