मुजफ्फरनगर: सीएमओ दफ्तर के बाहर गोवंश को जिंदा जलाया, भड़के गोसेवकों का हंगामा

मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सीएमओ कार्यालय के बाहर शनिवार को एक गाय के बच्चे का जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सनातनी गौसेवक मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए हंगामा किया।

नगर कोतवाल बबलू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोसेवकों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने जले हुए गौवंश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं से कट्टे में मृत या जिंदा गौवंश लाकर उसमें आग लगाई गई।

गोसेवक अमन सोहनकर ने कहा कि कई बार गौवंश नालों और कूड़े के ढेर में फेंका जा रहा है, और प्रशासन ने अब तक इसके लिए कोई निर्धारित स्थान नहीं बनाया। उन्होंने सरकार और नगर पालिका से आग्रह किया कि गौवंश के अंतिम संस्कार के लिए उचित जगह सुनिश्चित की जाए।

सीएमओ सुनील कुमार तेवतिया ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की सूचना मिलते ही उन्होंने अपने कर्मचारियों को एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरनगर में यह घटना प्रशासन और समाज के लिए गंभीर चेतावनी है, जो गौवंश के संरक्षण और सुरक्षा की आवश्यकता को दोबारा उजागर करती है।