ब्राजील के साओ पाउलो राज्य में एडवेंचर स्पोर्ट्स के दौरान हुई एक बड़ी लापरवाही ने एक युवा जिंदगी छीन ली. बंजी जंप के दौरान सुरक्षा रस्सी ठीक से न लगाए जाने के कारण 21 वर्षीय युवती की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई. पुलिस इस मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, 21 वर्षीय मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास की मौत ब्राजील के लिमेरा शहर में हुई.
यह हादसा उस समय हुआ जब वह एक लोकप्रिय एडवेंचर स्पॉट पर बंजी जंप करने पहुंची थीं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि जंप से पहले सुरक्षा उपकरण पूरी तरह से सुरक्षित नहीं किए गए थे. बताया जा रहा है कि युवती को प्लेटफॉर्म से नीचे छोड़ा गया, लेकिन सुरक्षा रस्सी जुड़ी नहीं थी. इसके चलते वह करीब 40 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गईं. मौके पर पहुंचे राहतकर्मियों और दमकल विभाग ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं मारिया
मारिया हाल ही में फिजिकल एजुकेशन और खेल प्रबंधन की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं. सोशल मीडिया पर वह फिटनेस, प्रकृति और दैनिक जीवन से जुड़े पोस्ट साझा करती थीं. हादसे से कुछ समय पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मजाकिया अंदाज में एक संदेश भी साझा किया था. हालांकि, उनकी मौत के बाद उनका प्रोफाइल उपलब्ध नहीं रहा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती को टीम के सदस्य जंपिंग प्लेटफॉर्म तक ले जाते हैं. जैसे ही जंप कराया जाता है, वहां मौजूद कुछ लोग चिल्लाते सुनाई देते हैं कि सुरक्षा रस्सी नहीं जुड़ी है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
हादसे के बाद मारिया के मंगेतर की बिगड़ी तबीयत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद युवती के मंगेतर की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. ब्राजील की सैन्य पुलिस ने बताया कि घटना के बाद कुछ लोग वहां से चले गए थे, लेकिन बाद में तलाशी अभियान चलाकर उन्हें खोज लिया गया. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल मामला लिमेरा के पुलिस विभाग को सौंप दिया गया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा उपकरण की जिम्मेदारी किसकी थी और क्या एडवेंचर गतिविधि के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था.
In Brazil, 21 year old woman died after bungy jumping workers fell her down from bridge that length is 40 meter from ground.
They forgot to attach safety rope with her. pic.twitter.com/XSL5UtNxoh
— Shailesh UP60 (@Shailes34135660) June 14, 2026