सवाई माधोपुर के खंडार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। सब्जी लेने जाते समय कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बहरावंडा, खुर्द निवासी रामप्रसाद (85) पुत्र डूंगर शनिवार शाम अपने घर से बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान एक मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कार लेकर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस, शव मॉर्च्युरी में रखवाया
घटना की सूचना मिलने पर खंडार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद फरार हुए ड्राइवर और मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।