बिजनौर। एक महिला ने अपनी बेटी के ससुर और दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप लगाया कि दामाद के किसी और महिला से संबंध हैं। बेटी ने अपने ससुर से शिकायत की तो उसने पिस्टल दिखाकर दुष्कर्म किया।
बिजनौर शहर के बड़े कारोबारी पर पुत्रवधू से दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। बेटे के कहीं और शादी कर लेने के बाद कारोबारी ने पुत्रवधू को तीसरी पत्नी के तौर पर रखने के लिए निकाह का भी प्रलोभन दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी महिला ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया कि उसने अपनी बेटी का निकाह बिजनौर के रौनक हाउस निवासी युवक से 11 साल पहले किया था। निकाह के बाद उसकी बेटी को दो बच्चे हुए। इसी बीच उसके दामाद के संबंध मेरठ की एक महिला से हो गए। पता चलने पर उसकी बेटी ने इसका विरोध किया तो मारपीट करते हुए घर से निकालने की धमकी दी।
यह पूरा वाकया पीड़िता ने अपने ससुर से बताया। जिस पर उसके ससुर ने कहा कि मुझे सब पता है। इसके बाद आरोपी ससुर ने अपने पास अकूत संपत्ति का हवाला देते हुए उसकी तीसरी पत्नी के तौर पर रहने का प्रलोभन दिया। जिस पर पीड़िता ने ससुर को डांट दिया। आरोप है कि 13 अगस्त को पीड़िता के साथ ससुर ने पिस्टल के बल पर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह बात परिवार वालों को बताई तो पति, जेठ और सास ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामले में पीड़िता के ससुर, पति, जेठ और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।