मैनपुरी. उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया. यहां कुरावली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने दवा किया कि 35 वर्षीय पत्नी अचानक से पत्थर की प्रतिमा में तब्दील हो गई है. जिसके बाद पत्थर की महिला को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और नायब तहसीलदार भी पहुंचे. जांच के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले को अफवाह करार दे दिया.
नगला हीरापुर निवासी पति संजीव कुमार यादव का दावा है कि उसकी पत्नी मिथिलेश कुमारी 5 साल में लगभग पांच बार मर चुकी है और इस बार रात में उसके गोद में सिर रखकर उसकी पत्नी बिलखती रही. जब उसकी आंख लग गई तो वह अचानक गायब हो गई और पत्थर की मूर्ति में तब्दील हो गई. पति के इस दावे पर जब टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि वह कोई महिला नहीं बल्कि सीमेंट से बनाई गई प्रतिमा थी, जिस पर पेंट कर साड़ी पहना दिया गया था. हालांकि, पति का दावा था कि वह उसकी पत्नी है, जो अब पत्थर की बन चुकी है. उसकी पत्नी ने वही साड़ी पहनी है जो उसकी पत्नी पहनती थी.
अधिकारियों ने बताया अफवाह
जैसे ही एक महिला के पत्थर बनने की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली तो मौके पर नायब तहसीलदार पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे और मामले को अफवाह बता दिया. साथ लोगों से अपील की कि इस तरह के अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं हैं. हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस ने पति के खिलाफ कोई कानूनी एक्शन अभी तक नहीं लिया है.