बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में झोलाछाप डॉक्टरों की हैरान करने वाली लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली। कोठी कस्बे में अवैध रूप से संचालित श्रीदामोदर औषधालय के कथित डॉक्टर ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर महिला का पथरी का ऑपरेशन कर डाला। ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ती गई और कुछ देर बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्लिनिक संचालक क्लिनिक में ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पेट दर्द को बताया पथरी
डफरापुर निवासी फतेह बहादुर रावत की 38 वर्षीय पत्नी मुनिश्रा देवी को पेट दर्द हो रहा था। परिजन उसे कोठी के श्रीदामोदर औषधालय लेकर गए, जहां क्लिनिक संचालक ज्ञान प्रकाश मिश्रा ने बिना किसी प्रमाणित जांच के पथरी बताते हुए 25,000 रुपये में ऑपरेशन का प्रस्ताव दे दिया।
कुछ देर बाद महिला की मौत
परिजन के अनुसार, 6 दिसंबर को कथित डॉक्टर ज्ञान प्रकाश और उसका भतीजा विवेक मिश्रा शराब के नशे में ऑपरेशन करने लगे। थोड़ी ही देर में महिला की हालत बिगड़ने लगी और वह तड़प-तड़पकर दम तोड़ गई। मौत होते ही दोनों आरोपी क्लिनिक में ताला बंद कर फरार हो गए।
यूट्यूब में वीडियो देखकर किया ऑपरेशन
पति फतेह बहादुर का आरोप है कि डॉक्टरों ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर ऑपरेशन किया। उन्होंने कहा कि अस्थाई ऑपरेशन थिएटर में महिला की कई नसें काट दी गईं और शरीर में गहरे घाव कर दिए गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज
शिकायत मिलने पर पुलिस ने कथित डॉक्टर ज्ञान प्रकाश मिश्रा और विवेक मिश्रा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना कोठी के इंस्पेक्टर अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों फरार हैं और उनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। डिप्टी सीएमओ डॉ. एल.बी. गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित क्लिनिक पर नोटिस चस्पा किया और एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।