गन्ने के खेत में मिली समरीन की लाश, एक साल पहले धर्म बदलकर की थी शादी

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत फुलेड़ी गांव में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक महिला की पहचान समरीन के रूप में हुआ है, जिनका निकाह आकिब नाम के युवक से हुआ था. बताया जा रहा है कि महिला का शव करीब सात से आठ दिन पुराना था. बताया जा रहा है कि एक वर्ष पहले संबंधित महिला की शादी (निकाह) एक मस्जिद में उसके प्रेमी के साथ हुई थी और अब उसका शव मिला है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फुलेड़ी गांव में किसान जब अपने गन्ने के खेत पर काम कर रहे थे, तो उन्हें खेत से भयंकर दुर्गंध आई, जिस पर उन्होंने जब पास जाकर देखा, तो एक महिला का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा हुआ था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया और विस्तृत जांच के लिए संबंधित शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया.

बताया जा रहा है कि मृतक महिला की शिनाख्त हापुड़ के पिलखुवा की रहने वाली समरीन के रूप में हुई है. समरीन का निकाह बागपत के रहने वाले आकिब के साथ हुआ था. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसके बाद उनका निकाह मस्जिद में हुआ था. बताया जा रहा है कि समरीन अपनी ससुराल से मुरादनगर एवं पिलखुवा जाने की बात कहकर गई थी. लेकिन वह काफी समय से लापता थी. अब उसका शव गन्ने के खेत में मिला है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.