वीडियो बना-बनाकर दिखाने लगी गहने, चोरों ने घर में घुसकर कर दिये साफ

Chori Ka Viral Video: सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाकर मशहूर होना मध्य प्रदेश की एक यूट्यूबर को खासा भारी पड़ गया. अक्सर अपने वीडियो में सोने के भारी-भरकम पुश्तैनी गहने और आलीशान लाइफस्टाइल दिखाने वाली फेमस यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलकर लाखों की संपत्ति साफ कर दी. यह सनसनीखेज मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव का है. जहां चोरों ने रचना गुर्जर के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी गहने और 1.91 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया.

कब का है पूरा मामला
बताया गया कि घटना 5-6 जून 2026 की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई. चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने वारदात को बिल्कुल किसी सस्पेंस फिल्म की तरह अंजाम दिया. सबसे पहले बदमाशों ने घर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल पर लगाई गई लोहे की कटीली तार फेंसिंग को कटर की मदद से काट दिया. इसके बाद वे घर के अंदर दाखिल हुए. चोरों ने सबसे शातिर कदम यह उठाया कि जिस कमरे में रचना गुर्जर और उनके पति सो रहे थे, उसकी कुंडी बाहर से बंद कर दी ताकि कोई भी बाहर ना आ सके.

डंडे से घुमाए सीसीटीवी कैमरे
हैरानी होगी कि घर में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी (CCTV) कैमरे भी चोरों का रास्ता नहीं रोक पाए. बदमाशों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए एक लंबे डंडे (लाठी) की मदद से कैमरों का रुख ऊपर आसमान की तरफ मोड़ दिया. इसके बाद चोरों ने नीचे के कमरों की अलमारियों के ताले तोड़े और वहां रखे पुश्तैनी जेवर, सोने का मंगलसूत्र, अंगूठियां और कैश बटोर लिया. हैरान करने वाली बात यह रही कि जाते-जाते चोर घर में रखी एनर्जी ड्रिंक (रेड बुल) की पेटी भी अपने साथ ले गए.