पति ने मजाक में कहा ‘बंदरिया’, मॉडल पत्नी ने आहत होकर लगा ली फांसी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति का अपनी पत्नी से मामूली मजाक जानलेवा साबित हुआ। पेशे से मॉडल 28 वर्षीया तनु सिंह ने पति द्वारा मजाक में ‘बंदरिया’ कहे जाने से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना इंदिरा नगर थाना क्षेत्र की है।

तनु सिंह मूल रूप से सआदतगंज की रहने वाली थी और उन्होंने चार साल पहले राहुल श्रीवास्तव से लव मैरिज की थी। राहुल पेशे से ऑटो चालक है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, तनु अपने लुक्स और मॉडलिंग करियर को लेकर काफी गंभीर और संवेदनशील थीं। शादी के चार साल बाद भी उनकी कोई संतान नहीं थी, और वह अपने भविष्य को लेकर मानसिक रूप से काफी सजग रहती थीं।

क्या हुआ उस शाम?
तनु की बहन अंजलि ने बताया कि बुधवार को पूरा परिवार सीतापुर से एक रिश्तेदार के घर से लौटा था। घर के सभी सदस्य एक साथ बैठकर हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान राहुल ने तनु को मजाक में ‘बंदरिया’ कह दिया। यह बात तनु को इतनी नागवार गुजरी कि वह तुरंत नाराज होकर कमरे में चली गईं। परिजनों को लगा कि वह थोड़ी देर में सामान्य हो जाएंगी, लेकिन जब काफी देर तक कमरे से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। वहां तनु का शव पंखे से लटका मिला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या का मुख्य कारण मजाक में कही गई बात से उपजी नाराजगी लग रही है। अभी तक मायके या ससुराल पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है और शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।