दरभंगाः जिले में बर्ड फ्लू (H5N1) की दस्तक से हड़कंप मच गया है. शहर के मुक्तिधाम श्मशान घाट परिसर में पिछले कई दिनों से हो रही हजारों कौओं और अन्य पक्षियों की रहस्यमयी मौत ने अब आधिकारिक तौर पर खतरे की घंटी बजा दी है. कोलकाता भेजे गए पक्षियों के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
10 हजार से अधिक पक्षियों की मौत का अनुमान
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब समाजसेवी संस्था कबीर सेवा संस्थान के नवीन सिन्हा को स्थानीय लोगों ने पक्षियों के मरने की सूचना दी. उन्होंने बताया कि 14-15 तारीख के आसपास मुक्तिधाम परिसर में भारी संख्या में पक्षी मृत पाए गए थे. जिलाधिकारी के निर्देश पर जब टीम ने जांच की और सैंपल कोलकाता भेजे, तो बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई. अनुमान के मुताबिक, अब तक 10 हजार से अधिक कौए और अन्य पक्षी काल के गाल में समा चुके हैं.
एक्शन में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग
रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही नगर निगम और पशुपालन विभाग ने मोर्चा संभाल लिया है. वार्ड 31 के पार्षद नफीसुल हक रिंकू और कबीर सेवा संस्थान के सहयोग से नगर निगम के कर्मियों ने पीपीई किट और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मृत पक्षियों को कलेक्ट कर गहरे गड्ढों में दफनाया है. पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके.
5 किलोमीटर के दायरे में निगरानी तेज
प्रशासन ने गाइडलाइंस जारी करते हुए प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी पोल्ट्री फार्म और मुर्गा बिक्री केंद्रों की सघन निगरानी शुरू कर दी है. इसके साथ ही पांच किलोमीटर के दायरे में पक्षियों के रैंडम सैंपल लेने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
आमजन के लिए अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पक्षियों के सीधे संपर्क में आने से बचें. खान-पान, विशेषकर चिकन और अंडे के सेवन में पूरी सावधानी बरतें और उन्हें अच्छी तरह पकाकर ही खाएं. यदि कहीं भी पक्षी मृत पाए जाएं, तो तुरंत इसकी सूचना पशुपालन विभाग को दें.