बीवी को युवक के साथ होटल में पकड़ा, बोली: पति बेकार है ये मेरे लिए…

झांसी। झांसी में एक पति ने अपनी पत्नी को उसके बॉयफ्रेंड के साथ होटल में पकड़ लिया। दोनों कमरा लेकर वहां ठहरे हुए थे। पति को शक हुआ तो वह पीछा करते हुए गेस्ट हाउस पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी। पति और पुलिस को देखते ही महिला ने हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। इसी बीच प्रेमी बेड के नीचे छिप गया। पुलिस ने उसे वहां से बाहर निकाला।

महिला ने कहा, “मैं पिछले दो साल से अपने पति के साथ नहीं रह रही हूं। मेरे लिए वह मर चुका है। मैं उसे तलाक देने को तैयार हूं।” यह मामला 11 जनवरी का है। घटना नवाबाद क्षेत्र के बस स्टैंड के पास स्थित कर्मा गेस्ट हाउस की है। होटल में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस पति, पत्नी और प्रेमी को थाने ले गई। पति ने थाने में तहरीर भी दी है।

3 साल पहले हुई थी शादी

सिमराहा गांव के विजय ने बताया- मेरी शादी 3 साल पहले आरा मशीन निवासी एक युवती से हुई थी। शादी के बाद से हम दोनों के बीच झगड़ा हाेने लगा। 2023 में उसने हमारे ऊपर केस कर दिया। बाद में सुलह हो गया। तब मैं उनके मामा के यहां सीपरी बाजार में रहने लगा।

एक महीने तक वो अच्छे से रही, लेकिन फिर से रिश्ते बिगड़ गए। अब डेढ़ साल से हम दोनों अलग है। पत्नी एक स्कूल में नौकरी करती है। उसका एक युवक के साथ अफेयर है। वो उसी के साथ आती-जाती है। मना करने पर मानती नहीं है।

विजय ने आगे बताया- 11 जनवरी को मुझे पता चला कि पत्नी उसी युवक के साथ घूम रही है। तब मैंने उसका पीछा किया। दोनों बस स्टैंड के पास कर्मा गेस्ट हाउस में चले गए। तब मैं वहां पहुंच गया। वहां दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों रूम नंबर 103 में रुके थे। पत्नी कहने लगी- अब प्रेमी के साथ ही रहूंगी। तब डायल 112 पर फोन करके पुलिस को बुला लिया।

पुलिस से कहने लगी कि मैं अपनी मर्जी से आई थी। पुलिस ने भी हमें भगा दिया कि वो अपनी मर्जी से किसी के भी साथ जाए। हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। तलाक देने की बात कहती है, लेकिन देती नहीं है। कहती है कि दस लाख रुपए दो, तब तलाक देंगे। मुझे परेशान कर रही है।

होटल में बिना आईडी के रुके थे

जब पुलिस होटल में पहुंची तो मैनेजर से डिटेल मांगी। पति ने पत्नी का नाम बताया तो मैनेजर कुछ नहीं बता पाया। तब पति ने कहा कि महिला लाल रंग का शॉल ओढ़कर आई है। तब पुलिस ने आईडी कार्ड मांगा। मगर मैनेजर ने महिला का आईडी कार्ड लिए बगैर ही उसे रूम में भेज दिया था।

वो आईडी कार्ड नहीं दिखा पाया। पुलिस के बुलाने पर महिला कमरे से नीचे आई। इसके बाद उसने हाई वोल्टेज ड्रामा कर दिया। पहले तो वह कहती रही कि युवक को बुला रही हूं। मगर काफी देर तक वो नीचे नहीं आया।

तब पुलिस मैनेजर और परिजनों को लेकर कमरे में पहुंची। वहां युवक नहीं आया। तलाश करने पर वो बेड के नीचे छुपा मिला। उसका नाम जैनुल है। इसके बाद नवाबाद पुलिस भी आ गई। तब जैनुल, पति और पत्नी को थाने ले गई।

पुलिस: नीचे आओ। ये कौन है तुम्हारे।

पति: मोबाइल में वीडियो बनाने लगा।

महिला: वीडियो बना रहे हो तो बना लो। ये मेरे पति हैं। दो साल से हमारे साथ नहीं रह रहे हैं। मैं युवक के साथ यहां आई हूं, उसे भगा नहीं रही हूं। उसको भी बुला रही हूं। तमाशा मत बनाओ मेरा।

पुलिस: तुम कहां रहती हो।

महिला: हम कहीं भी रहते हैं, मुझे इससे कोई मतलब नहीं है। इनसे पूछो मैं इनके घर दो साल से गई क्या?

पति: हम चाहते हैं, ये मुझे तलाक दे।

महिला: हम तलाक देने को तैयार है।

पति: सहमति से नहीं दे रही है, 10 लाख रुपए मांग रही है।

महिला: हमने कुछ नहीं मांगा। मैं 4 बार कह चुकी हूं कि मुझे तलाक चाहिए। इनसे मेरा कोई संबंध नहीं है। ये हमारे लिए मर गए।

पुलिस: थाने से पुलिस को बुला लो।

पति का रिश्तेदार: हां सर, नवाबाद थाने से पुलिस बुला लो।

महिला: बुला लो न नवाबाद से…तुम्हारा बाप दे रहा है या ये दे रहे खाने को। तुम ज्यादा मुंह चला रहे हो।

पुलिस: ये लड़का बाहर क्यों नहीं आया।

महिला: आप बुला लो न। हम थोड़ी न मना कर रहे हैं।

पुलिस और लोग कमरे में पहुंचते हैं। लेकिन प्रेमी कमरे में नहीं मिलता। तब पति कहता है कि होटल वालों ने भगा दिया। जांच करने पर वो बेड के नीचे छुपा मिलता है।

युवक का चालान किया

नवाबाद थाना प्रभारी रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि होटल में एक महिला युवक के साथ आई थी। उसके पति ने पुलिस को बुलाया था। युवक का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया है। आगे की जांच की जा रही है।