Puya raimondii Plant: प्रकृति में कई ऐसे पेड़-पौधे हैं जो अपनी खूबसूरती और अनोखेपन से लोगों को चकित कर देते हैं, लेकिन आज जिस पौधे की बात हो रही है, वह सचमुच किसी चमत्कार से कम नहीं. इसका नाम है पुया रायमोंडी और इसकी सबसे अनोखी बात यह है कि यह पूरे 100 साल में सिर्फ एक बार खिलता है. दुनिया भर के लोग इस दुर्लभ पल को देखने के लिए दूर-दूर से आते हैं. अक्सर लोगों को जीवन में केवल एक बार ही इसका खिलना देखने का मौका मिलता है.
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पुया रायमोंडी दुनिया के सबसे दुर्लभ और विशाल पौधों में से एक है. इसे एंडीज की रानी भी कहा जाता है. वैज्ञानिक बताते हैं कि यह पौधा लगभग 80 से 100 साल की उम्र पूरी करने के बाद ही फूल देता है. इसलिए ज्यादातर लोगों के लिए इसे खिलते हुए देखना जीवन का अनोखा अनुभव बन जाता है. यही कारण है कि जब इसका फूल खिलता है, तो इसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़ पड़ते हैं.
12,000 फीट ऊंचाई पर पनपता है अनोखा पौधा
पुया रायमोंडी देखने में कैक्टस जैसा लगता है और यह दक्षिण अमेरिका के एंडीज पर्वतों में करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर उगता है. बर्कले स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के बॉटनिकल गार्डन के निदेशक पॉल लिच्ट के अनुसार यह पौधा खराब मिट्टी, ठंडे मौसम और शुष्क वातावरण में भी आसानी से बढ़ सकता है. Peru North की रिपोर्ट बताती है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा ब्रोमेलियाड है और इसका फ्लॉवर स्पाइक दुनिया में सबसे ऊंचा माना जाता है.
एक बार में खिलते हैं हजारों सफेद फूल
पुया रायमोंडी करीब 33 फीट तक लंबा हो सकता है. आश्चर्य की बात यह है कि जब यह खिलता है, तो इस पर 8,000 से 20,000 तक सफेद फूल एक साथ खिल उठते हैं. यह दृश्य इतना सुंदर होता है कि लोग इसे कैमरे में कैद करने के लिए दूर-दूर से पहुंचते हैं. लेकिन इसकी खूबसूरती ज्यादा समय तक नहीं टिकती. फूल आने के बाद यह पौधा धीरे-धीरे मुरझा जाता है और अंत में मर जाता है.