सोने के दांत आपने बहुत देखे होंगे… इस शख्स ने तो आंख में ही जड़वा लिया 2 कैरेट का हीरा!

Viral News: सोने के दांत तो बहुत सुने होंगे, लेकिन क्या आपने कभी किसी को आंख में हीरा लगाते देखा है? सुनने में भले ही अजीब लगे पर अलबामा के रहने वाले एक ज्वेलरी स्टोर मालिक स्लेटर जोन्स ने इसे हकीकत बना दिया है. उन्होंने अपनी कृत्रिम आंख (Artificial Eye) में 2 कैरेट का असली डायमंड जड़वा लिया, जिससे वह अब दुनिया के सबसे महंगे ‘आर्टिफिशियल आई’ के मालिक बन गए हैं. इस अनोखे कदम ने उन्हें सोशल मीडिया पर सुर्खियों में ला दिया है. लोग उनकी क्रिएटिविटी की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोग सुरक्षा को लेकर चिंता भी जता रहे हैं.

दाहिनी आंख की रोशनी गई पर…
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्लेटर जोन्स एक भयानक बीमारी की वजह से अपनी दाहिनी आंख की रोशनी खो बैठे थे. लेकिन दुख में डूबने के बजाय उन्होंने इसे अपने जीवन का नया प्रतीक बना दिया. ज्वेलरी डिजाइनर होने के नाते उन्होंने अपनी पहचान को और अनोखा बनाने की सोची. इसके बाद उन्होंने आर्टिफिशियल आई बनाने वाले विशेषज्ञ जॉन लिम से संपर्क किया और एक ऐसी आंख तैयार कराने का ऑर्डर दिया जिसमें असली हीरा जड़ा हो.

2 कैरेट का हीरा बना आकर्षण का केंद्र

जोन्स की कृत्रिम आंख में लगा 2 कैरेट का डायमंड लाइट पड़ते ही चमकने लगता है. जब वे कहीं जाते हैं, तो लोग उनकी आंख की चमक देखकर दंग रह जाते हैं. उन्होंने कहा, “मैंने अपनी असली आंख खो दी थी, लेकिन इस हीरे ने मेरे जीवन में नई रोशनी भर दी.” जॉन लिम के मुताबिक, उन्होंने अब तक हजारों कृत्रिम आंखें बनाई हैं, लेकिन यह अब तक की सबसे महंगी और अनोखी आर्टिफिशियल आई है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘हीरे वाली आंख’

स्लेटर जोन्स की यह चमकदार आंख अब सोशल मीडिया पर सनसनी बनी हुई है. हजारों लोग उनके वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं. कुछ ने उनकी क्रिएटिविटी की तारीफ करते हुए कहा, “यह कला और तकनीक का मिलाजुला चमत्कार है.” वहीं कुछ ने मजाक में लिखा, “अब चोरी का डर आंखों में ही बस गया है.” हालांकि जोन्स का कहना है कि उनके लिए यह केवल एक आभूषण नहीं, बल्कि ‘जीवन की नई उम्मीद’ है.