लखनऊ। आइआइएम रोड स्थित आरएस लान के सामने सोमवार देर रात तेज रफ्तार ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। पुलिस के मुताबिक काले रंग की क्रेटा कारन के चालक ने वाहन को तेजी और लापरवाही से दौड़ाते हुए सामने चल रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर सैरपुर मनोज कुमार कोरी ने बताया कि मृतकों की पहचान 40 वर्षीय मिथिलेश कुमार और 37 वर्षीय राजकुमार हैं। दोनों कुर्सी रोड स्थित गुडंबा का रहने वाले हैं।
जांच में सामने आया क्रेटा चालक की रफ्तार से सौ से ऊपर थी, क्योंकि टक्कर लगने के बाद नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे आरएस लान के बाहर सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर (यूपी 32 टीएन 1274) से जा भिड़ी। जोरदार धक्के में डिजायर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
यही नहीं, डिजायर आगे खड़ी बस से टकराई और बस की टक्कर की जद में पास में खड़ी महिंद्रा केयूवी भी आ गई। देखते ही देखते चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा, लेकिन बाइक सवार सवार दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका।
इंस्पेक्टर ने बताया कि क्रेटा सवार दो लोग भी घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। सभी वाहनों को कब्जे में लिया है। क्रेटा चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। इलाज के बाद क्रेटा चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।