राजस्थान में आर्मी ड्रिल के दौरान हादसा: इंदिरा गांधी नहर में डूबा टैंक

श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक रूटीन मिलिट्री एक्सरसाइज के दौरान हादसा हो गया। इंदिरा गांधी नहर में इंडियन आर्मी का एक टैंक डूब गया। इससे टैंक में सवाल एक जवान शहीद हो गया। घटना मंगलवार को उस समय हुई जब टैंकों से नहर पार करने की ट्रेनिंग दी जा रही थी।

इस घटना को लेकर स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सेना की एक यूनिट इंदिरा गांधी नहर में अभ्यास कर रही थी। इसी दौरान एक टैंक को नहर में उतारा गया। जैसे ही टैंक नहर के बीचों-बीच पहुंचा, वह तेजी से पानी में डूबने लगा। इस हादसे में दो जवान तो किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन एक जवान टैंक के अंदर फंस गया और डूब गया।

श्रीगंगानगर एसपी अमृता दुहान ने हादसे की पुष्टि की है। एसपी अमृता दुहान ने हमारे सहयोगी ‘टीओआई’ को बताया कि जैसे ही टैंक नहर के बीच में पहुंचा, वह तेजी से पानी में डूबने लगा। टैंक में मौजूद दो जवान तो किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन एक जवान अंदर फंस गया और डूब गया। उन्होंने बताया कि सेना ने अभी तक मरे हुए जवान की पहचान या हादसे के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में हुई देरी, जवान को नहीं बचाया जा सका
टैंक के डूबते ही फंसे हुए जवान को बचाने के लिए सेना के जवानों ने तुरंत गोताखोरों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया। त्वरित कार्रवाई के बावजूद भी जवान की जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे की सूचना मिलने पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। टैंक को बाहर निकालने की कोशिशें शुरू हुईं। राजियासर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज के नेतृत्व में पुलिस टीम भी दोपहर को ऑपरेशन में सहायता के लिए पहुंची, जो देर शाम तक जारी रहा।

आर्मी की ओर से आज आ सकती है रिपोर्ट
मृतक जवान के शव को आगे की प्रक्रिया के लिए सूरतगढ़ मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया है। आर्मी की ओर से हादसे की परिस्थितियों या मृतक जवान की पहचान को लेकर बुधवार को औपचारिक रिपोर्ट आने की उम्मीद है। सेना ने अभी तक मृत जवान के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।