पटना: अगर आप बिहार में नई बाइक, स्कूटर या ऑटो खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. राज्य सरकार ने मोटर वाहन टैक्स में बढ़ोतरी का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद नए दोपहिया और तिपहिया वाहन खरीदने पर पहले से अधिक टैक्स देना होगा. इसका सीधा असर वाहन की ऑन-रोड कीमत पर पड़ेगा. सरकार का कहना है कि बिहार मोटरवाहन करारोपण अधिनियम, 1994 में लंबे समय बाद संशोधन किया गया है. बदलती आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए टैक्स ढांचे को अपडेट किया गया है. सरकार का मानना है कि इससे राज्य का राजस्व बढ़ेगा और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे.
दोपहिया वाहनों पर 1 फीसदी बढ़ा टैक्स
कैबिनेट के फैसले के मुताबिक अब नई बाइक और स्कूटर खरीदने पर पहले की तुलना में 1 प्रतिशत अतिरिक्त मोटर वाहन टैक्स देना होगा. पहले जहां रोड टैक्स 8 से 12 प्रतिशत के बीच लगता था, अब इसमें 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. यानी नई बाइक खरीदने वालों की जेब पर पहले से थोड़ा अधिक बोझ पड़ेगा. हालांकि यह बढ़ोतरी बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन महंगी बाइकों पर इसका असर 1000 रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकता है. इसका असर वाहन की अंतिम ऑन-रोड कीमत पर दिखाई देगा.
ऑटो और ई-रिक्शा भी होंगे महंगे
सरकार ने तिपहिया वाहनों पर भी टैक्स बढ़ाने का फैसला लिया है. अब नया ऑटो या ई-रिक्शा खरीदने पर एकमुश्त 1,000 रुपये अतिरिक्त टैक्स देना होगा. यह राशि पहले से निर्धारित टैक्स के अलावा होगी. ऐसे में व्यावसायिक वाहन खरीदने वालों की लागत भी बढ़ जाएगी. नई टैक्स व्यवस्था वाहन की खरीद और रजिस्ट्रेशन के समय लागू होगी. यानी नए वाहन खरीदने वालों को ही इसका भुगतान करना होगा.
इन बाइकों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
बिहार में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइकों की कीमतों पर भी इस फैसले का असर देखने को मिलेगा. हालांकि बढ़ोतरी बहुत ज्यादा नहीं होगी, लेकिन ऑन-रोड कीमत पहले से कुछ अधिक हो जाएगी. बिहार में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइकों की अनुमानित कीमत कुछ इस तरह है. वहीं, वास्तविक ऑन-रोड कीमत शहर, आरटीओ, बीमा, डीलर शुल्क और कंपनी की नई एक्स-शोरूम कीमत के अनुसार अलग हो सकती हैं.
सरकार ने क्यों बढ़ाया टैक्स?
सरकार का कहना है कि मोटर वाहन टैक्स की दरों में लंबे समय से कोई बदलाव नहीं किया गया था. इसलिए मौजूदा जरूरतों और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से टैक्स ढांचे में संशोधन किया गया है. ऐसे में अगर आप आने वाले दिनों में नई बाइक, स्कूटर या ऑटो खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो नई टैक्स व्यवस्था लागू होने के बाद आपको पहले की तुलना में थोड़ी अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है. इसलिए वाहन खरीदने से पहले नई ऑन-रोड कीमत की जानकारी जरूर ले लें.