वेनेजुएला में फिर हुआ हमला, राष्ट्रपति भवन के बाहर चली ताबड़तोड़ गोलियां, आसमान में नजर आए ड्रोन

वेनेजुएला में अमेरिकी हमले के बाद आज एक और ताजा हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति भवन के पास भारी गोलीबारी हुई है और विस्फोटों की आवाज भी सुनी गई है। आसमान में नजर आए ड्रोन्स से हड़कंप मच गया था और वेनेजुएला के सुरक्षाबलों ने हवा में गोलीबारी करते हुए मोर्चा संभाला। बता दें कि मिराफ्लोरेस महल के ऊपर अज्ञात ड्रोन उड़ रहे थे और सुरक्षाबलों ने लगभग रात 8 बजे हवा में गोलीबारी शुरू कर दी। ट्रेसर फायर की मदद से हवा में ड्रोन को गिराने की कोशिश की गई थी।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति को अमेरिकी सेना द्वारा गिरफ्तार करने के बाद अब डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम राष्ट्रपति के रुप में शपथ ली है लेकिन शपथ लेने के कुछ देर बाद ही वेनेजुएला में हमला हो गया और राष्ट्रपति भवन के पास हवा में ड्रोन दिखने, ट्रेसर फायर से मार गिराने की कोशिश और विस्फोटों की आवाज सुनाई दी गई। बताया जा रहा है कि अभी स्थिती नियंत्रण में है। बता दें कि इस हमले की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है ना ही किसी भी जान माल की सूचना सामने आई है।

न्यूयॉर्क में अपनी पहली अदालती पेशी के दौरान, वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस ने सभी आरोपों के लिए खुद को निर्दोष बताया और संयुक्त राज्य सरकार पर उन्हें उनके देश से अपहरण करने का आरोप लगाया। मादुरो और फ्लोरेस दोनों ने अपने खिलाफ लगे मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों से संबंधित आरोपों से मना किया और फिलहाल अपनी हिरासत का विरोध नहीं किया। यह उपस्थिति एक ऐतिहासिक क्षण था और एक लंबी कानूनी लड़ाई की शुरुआत थी, क्योंकि उनके बचाव पक्ष द्वारा उनकी सैन्य गिरफ्तारी की वैधता को चुनौती दिए जाने की संभावना है।