8th Pay Commission Latest News: अगर आप खुद केंद्रीय कर्मचारी या पेंशनर हैं तो यह खबर आपके काम की है. जी हां, लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिये नया साल बड़ी खुशखबरी लेकर आने वाला है. अभी आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें आने में समय है. लेकिन एरियर (arrears) का प्रोसेस 1 जनवरी 2026 से शुरू होने की उम्मीद है. सातवें वेतन आयोग के लागू होने के अनुभव के आधार पर यही उम्मीद है कि नई सैलरी और पेंशन को पिछली तारीख से लागू किया जाएगा.
रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय
कैबिनेट की तरफ से 28 अक्टूबर 2025 को आठवें वेतन आयोग को मंजूरी दी गई. रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई आयोग की अध्यक्ष हैं. कमीशन को रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. यानी मई 2027 तक रिपोर्ट आने के बाद सरकार की मंजूरी और नोटिफिकेशन में कुछ और समय लग सकता है. इससे पहले सातवां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से लागू किया गया था. हर 10 साल बाद नए आयोग का गठन होता है. यही कारण है कि आठवां आयोग भी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा रहा है.
हर 10 साल पर लागू होती हैं सिफारिशें
कैबिनेट प्रेस नोट में लिखा गया है ‘आमतौर पर पे कमीशन की सिफारिशें 10 साल बाद लागू होती हैं, इसलिए आठवें वेतन आयोग के भी 1 जनवरी 2026 से लागू होने की उम्मीद है. सातवें वेतन आयोग के भी जुलाई 2016 में लागू होने के बावजूद जनवरी 2016 से छह महीने का बकाया दिया गया था. आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट 2027 में आएगी और इसे 2028 की शुरुआत से लागू किया जा सकता है. ऐसे में उम्मीद है कि कर्मचारियों को दो साल का एरियर मिल सकता है. हालांकि, सरकार ने इसको लेकर किसी तरह का ऐलान नहीं किया है.
कर्मचारी यूनियन क्या कह रही हैं?
नेशनल काउंसिल-जेसीएम के स्टाफ साइड सेक्रेटरी शिव गोपाल मिश्रा ने कहा, प्रोसेस में समय लगेगा. लेकिन सैलरी बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से होनी चाहिए. उनकी मांग है वेतन आयोग में देरी के बावजूद एरियर पीछे से मिलना चाहिए. नया वेतन आयोग लागू होने का फायदा करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को मिलेगा. इसका असर सैलरी, पेंशन और अन्य भत्तों में बढ़ोतरी पर पड़ेगा. सातवें आयोग में वित्तीय प्रभाव 1.02 लाख करोड़ रुपये था. एक रिपोर्ट के अनुसार इस बार यह 2.4 से 3.2 लाख करोड़ रुपये तक हो सकता है.
कितनी बढ़ेगी सैलरी?
केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी? यह पूरी तरह से फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करता है. फिटमेंट फैक्टर अभी तय नहीं किया गया है. लेकिन जानकार इसके 2.5 से 3.0 तक होने का अनुमान जता रहे हैं. इससे बेसिक पे में 20-35% तक की बढ़ोतरी संभव है. सरकार की तरफ से इसको लेकर ऑफिशियल तौर पर एरियर की पुष्टि नहीं की गई है. लेकिन पिछले ट्रेंड से यही उम्मीद है कि सरकार की तरफ से एरियर दिया जाएगा. बाकी स्थिति बजट 2026-27 में साफ होगी.