निक्की हत्याकांड में बडा अपडेटः निक्की के फोन पर पुलिस चुन! बहन कंचन ने भी दिया ये जवाब

ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड के मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। निक्की की बहन कंचन ने बताया कि घटना के बाद वह बेहोश हो गई थी। निक्की का मोबाइल कहां है, नहीं मालूम। निक्की के पास पेनड्राइव के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

घटना के बाद से मनगढ़ंत कहानी बनाकर सोशल मीडिया पर चलाई जा रही है। पुलिस ने भी निक्की के मोबाइल की बरामदगी को लेकर चुप्पी बनाई हुई है। बता दें कि निक्की और उसकी बहन कंचन इंस्टाग्राम पर बुटीक और ब्यूटी पार्लर का प्रचार करने के लिए इसकी रील और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर करती थी।

निक्की का मोबाइल हो सकता है अहम
आरोपी के गांव वालों और परिजनों का आरोप है कि दोनों बहनें सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थीं। बुटीक खुलवाने के साथ इंस्टाग्राम चलाने को लेकर विपिन की निक्की से अनबन होती थी। ऐसे में पुलिस के लिए निक्की का मोबाइल अहम साबित हो सकता है।

थिनर की बोतल, लाइटर बरामद होने का दावा
घटना के बाद पुलिस ने मौके से सिर्फ अब तक थिनर की बोतल, लाइटर आदि सामान बरामद होने का दावा किया है। निक्की का मोबाइल कहां है, पुलिस को भी नहीं पता। जबकि पुलिस को विपिन की हरकत के बारे में निक्की के मोबाइल से कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।

कई अन्य युवतियों से संपर्क था विपिन
निक्की के परिजन भी आरोप लगा रहे हैं कि विपिन के कई अन्य युवतियों से संपर्क थे। अधिकारी भी मामले में खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। निक्की की मौत से पहले अस्पताल में दिए गए बयान आरोपियों को सजा दिलाने में अहम सबूत बनेंगे। इसलिए पुलिस की ओर से मामले में घटना के बाद ग्रेटर नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों के बयान दर्ज करने के साथ अस्पताल से मिले मेमो को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।

21 अगस्त को सिरसा स्थित ससुराल के घर में झुलसने के बाद शाम करीब छह बजे निक्की को पहले फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निक्की को विपिन के चचेरे भाई देवेंदर की ओर से भर्ती कराया गया था। यहां पहले डॉ. यसीन ने निक्की को देखा।

डीजीसी क्राइम ब्रह्मजीत भाटी का कहना है कि आरोपियों की ओर से अब तक जिला जज की अदालत में जमानत के लिए अर्जी नहीं आई है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है।

वीडियो बढ़ा रहे सिरदर्द
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया है, जिसे घटना के समय का होने का दावा किया जा रहा है। इसमें आरोपी विपिन बदहवास दिख रहा है। उसके चेहरे पर भी हवाइयां उड़ी हैं। वहीं एक अन्य वीडियो विपिन के परिवार वालों ने साझा किया है।

इसे घटना के समय का होने का दावा किया है। इसमें विपिन गाड़ी धुलते दिखाई दे रहा है। घटना के बाद आरोपी और पीड़ित परिवार की ओर से एक के बाद एक साझा होने वाले वीडियो पुलिस जांच के लिए सिरदर्द बने हैं।

इलाज करने वाले डॉक्टर और नर्स के बयान दर्ज
आरोपी के परिजन का दावा है कि जिस गाड़ी में निक्की को घर से फोर्टिस अस्पताल तक ले जाया गया, उस गाड़ी में निक्की के अलावा उसकी सास दया, ससुर सतवीर और देवर देवेंद्र मौजूद था। अस्पताल पहुंचने के बाद पहले डॉक्टर और नर्स ने निक्की को देखा। निक्की ने डॉक्टर और नर्स को पूछने पर बताया था कि घर में सिलिंडर फटने की वजह से वह झुलस गई थी। जिस डॉक्टर और नर्स के सामने निक्की ने सिलिंडर फटने का बयान दिया था। पुलिस ने उन दोनों डॉक्टर और नर्स के बयान दर्ज किए हैं।

अधिवक्ता को उपलब्ध कराई सीसीटीवी फुटेज
आरोपियों के परिजनों ने जमानत के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार करने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को आरोपियों के परिजनों ने सूरजपुर स्थित कोर्ट परिसर पहुंचकर अधिवक्ताओं को एक पेन ड्राइव में घटना के वक्त की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई।

आरोपियों के परिजनों ने बताया कि घटना के वक्त विपिन घर के बाहर था। आरोपी की मां भी दूध लेकर आने के बाद दुकान पर बैठी थी। आरोपी के पिता सतवीर भी घर के बाहर थे जबकि जेठ सिरसा टोल प्लाजा के पास काम पर था।

निक्की की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
बालाजी फार्म हाउस में निक्की की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। समाज को जागरूक करने के लिए संगोष्ठी का भी आयोजन हुआ। दहेज एक अभिशाप निवारण समिति की अध्यक्ष निर्मल डेढ़ा ने कहा कि लोगों को संकीर्ण सोच से उठकर बेटी का सम्मान करना चाहिए। आर्य प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष राकेश आर्य ने कहा कि दहेज जैसी कुरीति को मिटाने के लिए कठोर कानून लाना चाहिए। संगठन के संस्थापक सदस्य आर्य सागर खारी ने कहा कि कथनी करनी में समानता लाना समाज के जिम्मेदार लोगों के लिए आवश्यक है। संगठन के संस्थापक मास्टर मनमिंद्र भाटी ने कहा कि किसी और निक्की को दहेज की भेंट न चढ़ना पड़े, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

आरोप, 35 लाख दहेज की थी मांग, निक्की को जला डाला
ग्रेटर नोएडा के दादरी के रूपवास गांव की निक्की की 27 दिसंबर, 2016 में सिरसा गांव के विपिन से शादी हुई थी। निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के भाई से हुई है। पिता भिकारी सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले 35 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर निक्की को परेशान करते थे। 21 अगस्त की शाम को पति विपिन ने मां दया के साथ मिलकर निक्की को जिंदा जला दिया था। गंभीर रूप से झुलसने पर निक्की को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान निक्की ने दम तोड़ दिया।

निक्की हत्याकांड के आरोपी ससुर और जेठ भी गिरफ्तार
निक्की भाटी दहेज हत्याकांड में आरोपी ससुर सतवीर (55) और जेठ रोहित भाटी (30) को पुलिस ने 24 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था। वारदात के बाद से ही दोनों फरार थे। पुलिस ने सास दया, ससुर और जेठ को सूरजपुर स्थित कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी पति विपिन भाटी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।