बागपत। बागपत में नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े अंकुर की हत्या कर दी गई। इस हत्या का एलान दो महीने पहले दूधिया विपिन की हत्या के बाद उसके भाइयों ने सीओ के सामने किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संतोषपुर गांव के दूधिया विपिन उर्फ गोधू की हत्या के बाद आठ जुलाई को ही नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर उसके भाई आनंद समेत अन्य युवकों ने सीओ के सामने ही खून के बदले खून का एलान कर दिया था। तभी से वह हत्यारोपी रामबीर के भाई अंकुर की हत्या की फिराक में लग गए थे और दो महीने में दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में अंकुर की हत्या कर दी।

आठ जुलाई की सुबह शुगर मिल के पीछे खेत में दूधिया विपिन उर्फ गोधू की हत्या होने के बाद उसके परिवार वालों ने राष्ट्र वंदना चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया था। तब वहां आई सीओ श्रेष्ठा ठाकुर समेत अन्य अधिकारियों ने उन्हें समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास भी किया। तभी मृतक विपिन उर्फ गोधू के परिवार का एक युवक छुरा लेकर सीओ के सामने पहुंच गया और छुरा दिखाते हुए खून का बदला खून से लेने का एलान भी कर दिया।
हत्यारोपी आनंद ने भी खून का बदला खून से लेने का शोर मचाते हुए खूब हंगामा किया था। बताया गया कि अंकुर की हत्या करने के लिए आनंद ने 15 दिन पहले गांव के ही युवक नित्ते से 30 हजार रुपये में सेंट्रो कार खरीदी थी और उसी कार में सवार होकर गुरुवार को अंकुर की टक्कर मारने के बाद हत्या कर दी।

अहैड़ा गांव में कार मिलने के बाद पुलिस ने कार बेचने वाले युवक से पूछताछ भी की। इस मामले में अंकुर के भाई मोनू की तहरीर पर पुलिस ने संतोषपुर के मृतक दूधिया विपिन उर्फ गोधू के भाई आनंद और दोस्तों विनय उर्फ बिच्छु व अनमोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक का तहेरा भाई शनि यूपी पुलिस में सिपाही है और नोएडा में तैनात है।
बाघू गांव के रामबीर और संतोषपुर निवासी विपिन उर्फ गोधू आपस में अच्छे दोस्त थे। चार महीने पहले दिल्ली के सचिन राठौर ने अपनी बहन के पति की हत्या कराने के लिए विपिन उर्फ गोधू को पांच लाख रुपये सुपारी दे दी थी।

इसके एक लाख रुपये एडवांस देकर चार लाख रुपये बाद में दे दिए थे, जबकि सचिन ने दूसरे व्यक्ति को सुपारी देकर हत्या करा दी। इसके बाद सुपारी के पांच लाख रुपयों का बंटवारा नहीं करने पर रामबीर और विपिन के बीच विवाद हो गया और इनमें दुश्मनी हो गई। अब अंकुर की हत्या होने से दुश्मनी रंजिश में बदल गई।
हत्या से एक घंटे पहले बिच्छू ने लगाया स्टेट्स, मिस यू भाई विपिन
बाघू गांव के अंकुर की हत्या में नामजद हत्यारोपी विनय उर्फ बिच्छू ने गुरुवार को घटना से पहले अपने व्हाट्सएप पर एक स्टेट्स भी लगाया। स्टेट्स पर उसने मिस यू भाई विपिन लिखा।

यह भी बताया जा रहा है कि स्टेट्स पर गुरुवार को भी उसने खून का बदला खून लेने की बात लिखी थी। हालांकि इसकी पुलिस जांच कर रही है। यह जरूर साफ हो गया है कि हत्यारोपी अपने भाई विपिन की हत्या का बदला लेने की फिराक में लगे हुए थे।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था अंकुर
मोनू नैन ने बताया कि वे परिवार में तीन भाई हैं। इसमें सबसे बड़े भाई पहलवान रामवीर को पुलिस ने विपिन की हत्या के मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सबसे छोटा भाई अंकुर एसपीआरसी से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। मोनू ने जेल में रामवीर पर भी हमला होने का खतरा जताया। साथ ही परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की।

हत्यारोपी बोले किसी ने मुंह खोला तो ऐसे ही मार देंगे
बाघू गांव निवासी नीरज चौधरी ने बताया कि नेशनल हाईवे पर जिस समय अंकुर की हत्या की गई, वह भी वहीं से गुजर रहा था। गोलियों की आवाज सुनकर वह घटनास्थल की तरफ गया तो हत्यारेापियों ने उसे देख लिया। आरोप लगाया कि हत्या के बाद भाग रहे आरोपियों ने किसी के आगे मुंह खोलने पर उसकी हत्या करने की धमकी दी।
नेशनल हाईवे पर ईंट भट्ठे के समीप दुकान करने वाले हसीन ने बताया कि कार ने जब बाइक में टक्कर मारी तो तेज आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि बाइक सवार कार के बोनट पर पड़ा हुआ था। तभी चालक ने कार को दौड़ाकर उसे नीचे गिरा दिया और वह खुद भी कार से नीचे उतर गए। तभी उसके साथ कई लोग भी दौड़कर घायल को उठाने के लिए गए लेकिन कार से उतरे युवकों ने गोली चला दी। गोली चलते ही वहां जा रहे लोग वापस दौड़ पड़े।
आठ दिन पहले भी मारी थी अंकुर की बाइक में टक्कर
परिजनों ने बताया कि आठ दिन पहले अंकुर बाइक लेकर गांव के बाहर घूम रहा था। उस समय अंकुर की बाइक में एक कार से टक्कर मारकर गिराने का प्रयास किया गया। तब अंकुर गिरा नहीं और वह अपनी बाइक लेकर भाग निकला। उन्होंने बताया कि अंकुर अगर वहां से नहीं भागता तो तभी उसकी हत्या कर दी जाती।